संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के 2600 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी उपासना ने पुलिस लाइन में पुलिस जवानों को संबोधित किया। इस दौरान सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, स्टाफ इंचार्ज व पुलिस बल मौजूद रहा।
एसपी उपासना ने कहा कि पोलिंग पार्टी द्वारा ईवीएम मशीन प्राप्त करते ही पुलिस कर्मियों व पोलिंग पार्टी की अहम ड्यूटियां आरंभ हो जाती हैं, जब तक ईवीएम मशीन वापस स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा नहीं हो जाती, तब तक सभी को सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को हिदायत दी गई है कि इस दौरान वे उच्च अधिकारियों से उचित तालमेल बनाकर रखें।
रात में बूथ नहीं छोड़ना
रात के समय कर्मचारियों के ठहरने व खाने का समुचित प्रबंधन किया गया है, कोई भी कर्मचारी रात के समय बूथ नहीं छोड़ेगा। इस दौरान उनकी समय-समय पर अधिकारियों द्वारा चेकिंग की जाएगी। पंजाब के साथ लगते क्षेत्रों में विशेष तौर पर नजर रखी जा रही है। एसपी उपासना ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारी व थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखें।