कैथल। पटियाला के करहाली गांव निवासी एक व्यक्ति से क्रेटा गाड़ी बेचने के बहाने सात लोगों ने मारपीट कर सात लाख 50 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के पटियाला के गांव करहाली निवासी ध्यानचंद ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। उसके पास खुद का ट्रक है। ट्रक चालकों का एक व्हाटसएप ग्रुप बना हुआ है। इसमें 20-25 दिन पहले फोन नंबर 81689-70490 से संदेश आया कि गाड़ी खरीदने-बेचने के लिए संपर्क करें। उसने उससे संपर्क किया। उस व्यक्ति ने खुद का नाम राजकुमार बताया। उसने उसे अंबाला के शंभू बैरियर पर क्रेटा गाड़ी देखने के लिए बुलाया।
जहां एक अन्य व्यक्ति की मौजूदगी में गाड़ी में बैठकर क्रेटा खरीदने के बारे में बातचीत की। सात लाख 50 हजार रुपये में गाड़ी खरीद का सौदा तय हो गया।
उसने उनकी बातों पर विश्वास करके एक लाख रुपये वहीं पर एडवांस के तौर पर राजकुमार नाम के व्यक्ति को दे दिए। उसने यह राशि वापस कर दी और कहा कि गाड़ी की पूरी कीमत ले आओ और गाड़ी ले जाओ। इसी बीच उनकी एक सप्ताह तक बात होती रही। इसके बाद उसके एक दोस्त ने यह गाड़ी देखनी थी।
इस पर राजकुमार नामक व्यक्ति ने उसे रामनगर बैरियर पर बुलाया। जहां वह अपने दोस्ता काका के साथ पहुंच गया। इसके बाद 29 मई को तय हुआ कि वह 30 मई को कैथल पहुंच कर गाड़ी के रुपये देकर गाड़ी ले जाए। इस पर वह 30 मई को अपने दोस्त पटियाला के दीप नगर निवासी प्रगट सिंह, उसके गांव के जसबीर सिंह, मनफूल उर्फ काला, चालक हरभजन सिंह के साथ कैथल के ढांड में पहुंचें। जहां से उसने उन्हें कैथल रोड पर बुला लिया।
सायं करीब पौने पांच बजे जब वे सोलू माजरा पहुंचे तो वहां राजकुमार क्रेटा गाड़ी में अपने दोस्त के साथ मिला। उनसे कहने लगा कि उसके पीछे आ जाएं। वे सोलू माजरा से निकल कर एक लिंक रोड पर पहुंचे। जहां उसने राजकुमार के कहने पर साढ़े सात लाख रुपये बैग में दिखाए और रुपये लेकर वह उसकी गाड़ी में बैठ जाए। जिस पर वह प्रगट सिंह के साथ रुपये लेकर गाड़ी में बैठ गए।
उसने सारी राशि राजकुमार के बैग में डाल दी। उसी समय सोलू माजरा की ओर से एक होंडा सिटी गाड़ी आई। उसमें पांच व्यक्ति सवार थे। उनमें से एक ने दो स्टार लगी पुलिस की वर्दी भी पहन रखी थी उनके साथ मारपीट करने लगे। उन्हें बहुत धमकाया और जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच राजकुमार क्रेटा गाड़ी व
रुपये लेकर भाग गया। इस तरह से आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी करके योजनाबद्ध तरीके से राशि लूटी है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।