पिछले एक पखवाड़े से जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रोज कोरोना के नए केस सामने आ रहे हैं। मंगलवार को भी जिले में एक कोरोना संक्रमित मिला। जबकि सोमवार को इस महीने में सबसे अधिक नौ कोरोना संक्रमित मिले। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग इससे निपटने के लिए तैयार नहीं है। हालत यह है कि जिला नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बंद पड़ा है। कोरोना वार्ड में ताला लटका हुआ है।
कैथल जिले में 15 जून से लेकर 28 जून तक कोरोना संक्रमण के 55 संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 21 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 34 हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना की चौथी लहर की इस आहट के बाद भी तैयार नहीं है। जिले में कोरोना की तीसरी लहर में की गई घोषणा के तहत केवल कैथल में ही ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो पाया है। गुहला और कलायत में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य अधर में लटका है। जिला नागरिक अस्पताल में बनाया गया यह ऑक्सीजन प्लांट करीब दो महीने से खराब है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना के सैंपल लेने के कार्य में भी तेजी लाई गई है। इस समय 800 से एक हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। दूसरा बाहर से आने वाले व्यक्तियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। जिले में कोरोना के 34 केस सक्रिय हैं। इनका इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल में बनाए गए कोरोना आईसोलेशन वार्ड में ताला लटका है। इसके साथ ही यहां पर ऑक्सीजन देने के लिए पाइपलाइन भी नहीं लगाई गई है। ऐसे में यदि कोरोना संक्रमण बढ़ता है तो मरीजों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यहां पर केवल ऑक्सीजन सिलिंडर के माध्यम से काम चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोना से निपटने के लिए इस समय जिले में सिर्फ एक ही ऑक्सीजन प्लांट है। फिलहाल वह बंद है। इसके अलावा 325 सामान्य कोविड बेड हैं। सौ बेड का प्री-फेब्रिकेटेड कोविड अस्पताल है। 212 ऑक्सीजन बेड, 66 नॉन ऑक्सीजन बेड, 54 आईसीयू, 20 वेंटिलेटर और सात वेंटिलेटर एंबुलेंस हैं।
तिथि मामले सामने आए
16 जून सात केस
17 जून एक केस
18 जून एक केस
19 जून छह केस
20 जून 0
21 जून पांच केस
22 जून तीन केस
23 जून चार केस
24 जून छह केस
25 जून छह केस
26 जून छह केस
27 जून नौ केस
28 जून एक केस
कुल 55 केस
कोरोना महामारी से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। ऑक्सीजन प्लांट में कुछ तकनीकी खामी है। जिस कारण यह चल नहीं पा रहा है। जल्द ही इसे ठीक करवाया जाएगा। इसके साथ ही सैंपल लेने के कार्य में तेजी लाई गई है। लोगों को बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. जयंत आहूजा जिला सिविल सर्जन
कैथल। जिले में सभी पीएचसी व सीएचसी केंद्रों पर कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले मेें अब तक 1791662 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। मंगलवार को 463 लोगों को टीका लगाया। डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल ने कहा कि आम जन कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार की तरफ से जारी कोविड-19 की हिदायतों का निरंतर पालन करें।