कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन का एक टीका लगवाने के बाद अब दूसरा टीका लगवाने से नागरिक किनारा कर रहे हैं। पहली और दूसरी डोज के बीच का निर्धारित समय अंतराल पूरा होने के बावजूद जिले में 1 लाख 9 हजार 942 व्यक्तियों ने अभी तक दूसरा टीका नहीं लगवाया है। ऐसी स्थिति में इन लोगों को दूसरा टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर अपनी टीमें भेजने का निर्णय लिया है। विभाग ने घर-घर टीकाकरण के लिए मैदान में करीब 60 टीमें उतारी हैं और 200 से ज्यादा कर्मचारियों को टीकाकरण के कार्य में लगाया है ताकि पहली और दूसरी डोज के आंकड़ों को दुरुस्त किया जा सके और समयानुसार दूसरा टीका भी लोगों को लगाया जा सके। इस कार्य के लिए टीम में एएनएम, आशावर्कर, स्वास्थ्य निरीक्षक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
गौरतलब है कि अब तक जिले में नागरिकों को कोरोना से बचाव के लिए कोविशील्ड और कोवैक्सीन के 8 लाख 42 हजार 273 टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें से पहला टीका 6 लाख 17 हजार 374 व्यक्तियों को लगा है, जबकि 2 लाख 24 हजार 899 लोगों को दूसरा टीका लगा है। हालांकि दूसरा टीका नहीं लगवाने वालों की संख्या अभी तक पौने 4 लाख के करीब है, लेकिन इनमें से ज्यादातर व्यक्ति ऐसे हैं, जिनका दूसरा टीका लगवाने का समय अंतराल अभी पूरा नहीं हुआ है। 1 लाख 9 हजार 942 व्यक्तियों ने अभी तक दूसरा टीका निर्धारित समय अंतराल पूरा होने के बावजूद नहीं लगवाया है।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कोविशील्ड के अब तक 7 लाख 42 हजार 980 टीके लगे हैं, जबकि कोवैक्सीन के 98 हजार 975 टीके लगे हैं। कोविशील्ड का दूसरा टीका नहीं लगवाने वालों की संख्या इस समय ज्यादा है। जब दूसरा टीका लगाने के लिए विभाग के पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा तो ऐसे में टीमें घर-घर भेजने का निर्णय लिया है।
अब तक टीका लगवाने वालों में 13 हजार 168 स्वास्थ्यकर्मी, 11 हजार 95 फ्रंट लाइन वर्कर्स, 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 4 लाख 73 हजार 746 व्यक्ति, 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 86 हजार 207, 60 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के 1 लाख 57 हजार 966 व्यक्ति शामिल हैं।
सोमवार को 3366 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। इनमें 1 स्वास्थ्यकर्मी, 2 फ्रंट लाइन वर्कर्स, 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 2361 व्यक्ति, 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 591 व 60 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के 411 व्यक्ति शामिल रहे।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर टीकाकरण करने का कार्य सोमवार से शुरू कर दिया है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की है कि जिन व्यक्तियों ने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है, वे स्वयं व अपने परिजनों का टीकाकरण अवश्य करवाएं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार द्वारा जारी कोविड-19 की हिदायतों का निरंतर पालन करें। उन्होंने बताया कि इस समय स्टॉक के तौर पर कोरोना रोधी वैक्सीन कोवीशील्ड की 113490 व कोवैक्सीन 9420 डोज जिले में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पीएचसी व सीएचसी में जाकर नागरिक वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से शिविर लगाकर भी टीकाकरण किया जा रहा है।
दूसरी ओर सोमवार को कोरोना संक्रमण का कोई भी केस सामने नहीं आया है और न ही जिले में कोई एक्टिव केस है। जिले में 11 हजार 244 कोरोना के मरीजों में से 10 हजार 898 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.9 प्रतिशत है। पॉजिटिव रेट 3.12 प्रतिशत है व डेथ रेट 3.07 प्रतिशत है। होम आइसोलेशन में रह रहे सभी व्यक्ति ठीक हो चुके हैं।