New traditions started in the assembly session will bring pleasant results
- फोटो : Kaithal
विधायक लीला राम ने कहा कि संसद की तर्ज पर हरियाणा विधानसभा में शून्यकाल सहित कई ऐसी परंपराओं को फिर से शुरू करने का एतिहासिक निर्णय लिया गया है। हरियाणा सरकार के ऐसे कई प्रावधानों के आने वाले समय में सुखद परिणाम आएंगे। लीलाराम विधानसभा सत्र से भाग लेकर लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार ने फैसला लिया है कि अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाएगा। इन कॉलोनियों में गरीब लोग रहते हैं। इस फैसले के बाद उन्हें बिजली, पानी, सीवरेज सहित अन्य सुविधाएं दी जा सकेंगी। इसीलिए यह एक बड़ा फैसला है।
कैथल में भी ऐसी अनेक कॉलोनियां हैं, जो अवैध बताई जाती हैं। यहां रहने वाले लोगों को सरकार की नई नीति से लाभ होगा। विधायक ने कहा कि इन गलियों में सड़कें और अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे। विधायक ने कहा कि परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने सख्त कदम उठाया है। विधानसभा सत्र में पेश किए गए बिल में कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। कांग्रेस राज में नौकरियां बिकती थीं। भाजपा ने योग्यता के आधार पर नौकरी देने का फैसला लिया है। जिसमें पार्टी पूरी तरह से सफल रही है। प्रश्न पत्र लीक मामलों में सरकार ने तुरंत सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कैथल जिला अस्पताल में एक डॉक्टर द्वारा दो व्यक्तियों को धक्के मारने व थप्पड़ मारने का वीडियो उन्होंने भी देखा है। यह निंदनीय है। वे इसके संबंध में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से बात करेंगे। उनके साथ हरपाल शर्मा, रामकुमार नैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।