NAPA ran a yellow paw, demolished the truck union's office, freed the land
- फोटो : Kaithal
गुहला-चीका। पिछले 43 सालों से नगर पालिका की करीब छह एकड़ जमीन पर ट्रक यूनियन के अवैध कब्जे को प्रशासनिक अमले ने बुधवार की सुबह आंशिक विरोध के बीच हटा दिया। इस दौरान यहां बनाए गए ट्रक यूनियन के कार्यालय, जिम, रसोई, चार अवैध दुकानों सहित अन्य निर्माण को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। वहीं इस परिसर में बने गुरुद्वारा, निर्माणाधीन मंदिर, पीर के स्थान को नहीं छेड़ा गया। ट्रक यूनियन के सदस्यों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया और आंशिक तौर पर पटियाला-कैथल मार्ग पर जाम भी लगाया, लेकिन अधिकारियों ने कहीं ओर जगह देने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।
बुधवार की सुबह प्रशासन पूरी तैयारी के साथ ट्रक यूनियन कार्यालय पहुंचा। भारी संख्या में पुलिस बल मजिस्ट्रेट, दो डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अमले ने जेसीबी मशीन और अन्य उपकरण से यूनियन परिसर में किए गए अवैध निर्माण को ढहाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते 43 साल से यहां चल रहा ट्रक यूनियन का कार्यालय, रसोई, जिम, चार अवैध दुकानें और अन्य निर्माण कार्य ढहा दिया। लेकिन प्रशासन ने इस परिसर में बने धार्मिक स्थलों गुरुद्वारा निर्माणाधीन मंदिर, पीर के स्थान को नहीं छेड़ा। जब तक ट्रक चालक-परिचालक एकत्रित हो पाते, प्रशासन ने अधिकांश कार्रवाई पूरी कर ली। इसके बाद पहुंचे चालक-परिचालकों ने प्रशासन सहित विधायक ईश्वर सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंशिक तौर पर पटियाला रोड पर जाम भी लगाया। बाद में अधिकारियों ने कहीं ओर जगह देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। ट्रक यूनियन के प्रधान प्रीतम सिंह ने कहा कि यहां विकास के नाम पर 400 से अधिक चालक और परिचालकों के परिवारों का रोजगार छीन लिया गया है। प्रशासन पहले उन्हें जगह उपलब्ध करवाता। बातचीत के लिए बुलाता तो वे इस कार्रवाई में पूरा सहयोग करते। लेकिन कुछ ही पलों में हजारों परिवारों की रोजी रोटी छीनने का काम प्रशासन ने किया है। कोरोना काल में यूनियन की ओर से जमकर समाजसेवा की गई। जिसका अब यह फल मिला है। उन्होंने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए ट्रक यूनियन के लिए जगह देने की मांग की। कहा कि अधिकारी आश्वासन दे रहे हैं, अब देखना होगा कि ट्रक यूनियन को प्रशासन और विधायक कब और कौन सी जगह उपलब्ध करवाते हैं। इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने प्रशासन और विधायक ईश्वर सिंह के खिलाफ नारेबाजी की।
ट्रक यूनियनों से बातचीत कर अन्य जगह दी जाएगी
विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि किसी को भी उजाड़ा नहीं जा रहा है। इस स्थान पर बस स्टैंड बनने के बाद शहर का चहुंमुखी विकास होगा और यहां से लंबे रूट की बसें बनकर चलेंगी, जिससे लोगों को बार-बार बस बदलने के चक्कर से छुटकारा मिल जाएगा। ट्रक ऑपरेटरों से बातचीत करके उन्हें कोई अन्य जगह दी जाएगी। ताकि उनके रोजगार पर असर न पड़े।
यहां छह एकड़ में कब्जा लिया गया है। इस परिसर में कई तरह के निर्माण कार्य किए गए थे। जिन्हें हटा दिया गया है। इसके लिए ट्रक यूनियन के सदस्यों को पहले ही अवगत करवाया हुआ था।
-प्रदीप कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट