कैथल। गोवा में हुई राष्ट्रीय यूथ सब जूनियर महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण व रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इनमें आरती और मुस्कान ने स्वर्ण और खुशी और दिव्या ने रजत पदक जीते। मंगलवार को सभी विजेता खिलाड़ियों का वापस लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। ये सभी खिलाड़ी विभिन्न गांवों से हैं।
जीत खेल अकादमी के कोच विक्रम ने बताया कि सात से नौ अप्रैल को गोवा में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अकादमी की अंडर 14 व 17 आयु वर्ग की आठ महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें क्योरगी इवेंट में खेलते हुए आरती ने पहले मुकाबले में असम को हराया। दूसरे मुकाबले में पंजाब और फाइनल मुकाबले में कर्नाटक की खिलाड़ी को 16.13 अंक से पराजित कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
मुस्कान ने क्योरगी इवेंट में पहले मुकाबले में राजस्थान को हराया, फिर दिल्ली और फाइनल मुकाबले में गुजरात को 14.16 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक जीता। खुशी ने क्योरगी इवेंट में पहले तमिलनाडु को हराया। इसके बाद गोवा को 14.13 अंक से हराकर रजत पदक जीता। दिव्या ने क्योरगी इवेंट में पहला मुकाबला आंध्र प्रदेश से जीता। इसके बाद गुजरात को 09.16 अंक से हराकर रजत पदक जीता। कोच विक्रम ने बताया कि आरती व खुशी गांव मुंदड़ी, मुस्कान गांव कसान व दिव्या गांव किठाना की रहने वाली हैं।
बॉक्सर मनीषा मौण का खिलाड़ियों ने किया सम्मान
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज स्थित सेंटर में बुधवार को पहुंचने पर बॉक्सर मनीषा मौण का भव्य स्वागत किया गया। गौरतलब है कि अभी हाल में दिल्ली के आईजी स्टेडियम में हुई वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कैथल की बेटी मनीषा मौण ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। उसकी सफलता पर सेंटर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी रामनिवास, संजय कुमार, विजय कुमार, प्रशांत राय, संदीप, सुनील, रणधीर, महेंद्र, बूटा सिंह, अनूप, विक्रम, राजिंद्र सिंह, गुरमीत सिंह ने बधाई दी। साथ में आगे प्रतियोगिताओं में विजयी होने की कामना की। संवाद