परीक्षार्थियों का इंतजार करते हुए रोडवेज कर्मचारी। संवाद
कैथल। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के मद्देनजर रोडवेज विभाग ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए थे लेकिन शनिवार को अधिकतर अभ्यर्थी निजी वाहनों से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। इसके कारण बस अड्डे पर रिजर्व रखी गईं 15 अतिरिक्त बसों की जरूरत नहीं पड़ी। रोडवेज विभाग ने पहले से ही चालक-परिचालकों की विशेष ड्यूटी लगाई थी।
बस संचालन की निगरानी के लिए इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर भी तैनात किए गए थे। परीक्षार्थियों की मांग के अनुसार बसें सीधे परीक्षा केंद्र तक भेजने की योजना बनाई गई थी लेकिन किसी भी रूट से अतिरिक्त बसों की मांग नहीं आई। स्थिति सामान्य रहने पर रिजर्व बसों को बाद में उनके नियमित रूटों पर संचालित कर दिया गया। विभाग के अनुसार परीक्षा के दौरान जिले में किलोमीटर स्कीम की बसों सहित करीब 180 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जा रही हैं। बस अड्डे पर भी सामान्य दिनों की तरह यात्री दिखे।
रविवार को सुबह के सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा होगी जिसमें 5,392 अभ्यर्थी 17 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे। वहीं सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा के लिए 1,378 अभ्यर्थी जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
परीक्षार्थियों का इंतजार करते हुए रोडवेज कर्मचारी। संवाद