राजौंद। गांव मंडवाल में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भ्रूण लिंग जांच रोकने के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर संदेश देकर जागरूक किया गया। इसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बेटियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर अनिता ने कहा कि समाज में बेटियों की घटती संख्या चिंता का विषय है। यदि बेटियों की संख्या कम होती है तो सामाजिक संतुलन बिगड़ता है और अपराध की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने सभी से भ्रूण लिंग जांच न करवाने की शपथ लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अवैध लिंग जांच में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग हरियाणा को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा तथा सूचना सही पाए जाने पर सरकार द्वारा एक लाख रुपये तक का इनाम दिया जाता है। भ्रूण लिंग जांच करवाने वालों के लिए पांच वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। संवाद
अनिता ने कहा कि बेटियां शिक्षा, खेल, राजनीति और रोजगार सहित हर क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि स्वस्थ शिशु का जन्म सुनिश्चित हो सके। इस दौरान पंकज ने टीबी के लक्षणों की जानकारी देकर जागरूक किया।