संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर नोटिस चस्पा कर 20 से 22 फरवरी तक जांच सेवा स्थगित रहने की सूचना दी गई है। इसका सीधा असर उन गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर पड़ रहा है, जो पूरी तरह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर हैं।
जानकारी के अनुसार, रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने के कारण शुक्रवार से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच बंद है। जांच कराने पहुंचे मरीजों को या तो निराश होकर लौटना पड़ रहा है या फिर मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। अस्पताल के चिकित्सक मरीजों को जांच की सलाह तो दे रहे हैं, लेकिन अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर ताला लटका मिलने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे अधिक दिक्कत गर्भवती महिलाओं को हो रही है। महिलाएं गर्भ जांच के लिए पहुंचती हैं, जिनके लिए समय पर अल्ट्रासाउंड कराना आवश्यक होता है।
मरीज बोले
पेट दर्द की शिकायत पर अल्ट्रासाउंड कराने को कहा गया लेकिन कमरा नंबर 25 के बाहर ताला लगा मिला। -अमित, बालाजी कॉलोनी
पेट की जांच के लिए अस्पताल आई थीं। संबंधित कक्ष के बाहर पहुंचीं तो वहां सेवा बंद होने का नोटिस लगा मिला। -सुनीता, जनकपुरी कॉलोनी