संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। विश्वकर्मा मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार को सुबह पतंजलि योग समिति गुहला के तत्वावधान में दीप प्रज्वलित कर दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समिति के पदाधिकारियों ने उत्साह के साथ दीपक जलाएं। सभी ने एक दूसरे को दीपावली मिलन की बधाई दी। इसके साथ ही मिठाई प्रसाद स्वरूप दी गई।
मुख्य अतिथि जिला प्रभारी एवं आचार्य हरिओम शोकल ने सरस्वती के चित्र पर फूलमाला व दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। हरिओम शौकल ने योग आसन प्राणायाम ध्यान कराया। कहा कि दिवाली रोशनी का त्योहार है, जिसे सदियों से उत्साह और जोश के साथ मनाया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू पौराणिक कथाओं में, दीपावली का मतलब रोशनी की एक पंक्ति है।
आध्यात्मिक रूप से, दिवाली व्यक्ति के आंतरिक प्रकाश, स्वास्थ्य और करुणा को रोशन करने का समय है। इस साल योग के विज्ञान के माध्यम से स्वास्थ्य और
तंदुरुस्ती पर ध्यान केंद्रित करते हुए दिवाली मनाएं।
त्योहारों को अपने जीवन में और अधिक आनंद और रोशनी लाने दें। इस मौके पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तहसील प्रभारी जयभगवान, इंद्रमोहन मित्तल, दीपक कुमार, राजपाल वर्मा, कश्मीर लाल गर्ग, सुशील जिंदल आदि मौजूद रहे।
————————-