कैथल। जिला और उप मंडल अदालतों में डिफेंस काउंसिल और अतिरिक्त डिफेंस काउंसिल की नियुक्ति के विरोध में वकीलों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। वकीलों ने अदालतों में कोई कामकाज नहीं किया जिससे दूर-दूर से आए मुवक्किलों को भारी परेशानी हुई।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा ने बताया कि हड़ताल के कारण करीब 500 लोगों को काम न होने के कारण परेशानी हो रही है। औसतन 500-600 लोग अपने तारीख और अन्य कार्य के लिए पहुंचते हैं। वकील अदालत में नहीं जा रहे हैं और जिन लोगों की तारीख होती है, वो परेशान हो रहे हैं। नियुक्तियों के विरोध में हरियाणा के वकील गत 20 जुलाई से हड़ताल पर हैं। इसी मांग के लिए पंजाब के वकील 6 जुलाई से हड़ताल पर हैं। वकीलों का कहना है कि अदालतों में चीफ डिफेंस कौंसल और एडिशनल चीफ डिफेंस काउंसिल की नियुक्ति से मुवक्किलों को परेशानी होगी। पहले डीएलएसए की ओर से पैनल पर एडवोकेट नियुक्त किए जाते थे लेकिन अब स्थाई नियुक्ति कर दी गई है जिससे वकीलों में नाराजगी है। ये कौंसल शिकायत और बचाव दोनों की तरफ से पैरवी कर सकते हैं। कैथल में पिछले एक सप्ताह से अदालतों में कोई कामकाज नहीं हो रहा। इस मामले में वे पंजाब बार एसोसिएशन के साथ हैं।