Kho-Kho Competition: Team won bronze medal under the leadership of Aryan and Ashish
- फोटो : Kaithal
कैथल। खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में हुई 31वीं सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने कांस्य पदक जीता है। विजेता खिलाड़ियों में कैथल से आशीष, आर्यन, विश्वजीत, आर्यन कुमार, राहुल व अंकित शामिल हैं।
वीरवार की सुबह सभी खिलाड़ियों को खुली जीप में बैठाकर गांव हरसौला के खो-खो सेंटर तक रोड शो निकाला गया। गांव हरसौला में पहुंचने पर खिलाड़ियों को फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। खो-खो कोच अनिल कुमार व डीपीई विक्रम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से अंडर-14 आयु वर्ग में लड़के और लड़कियों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में कैथल, पानीपत, रोहतक, फतेहाबाद, चरखी दादरी, हिसार के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और हरियाणा की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इसमें आर्यन ने टीम के कप्तान व आशीष ने उप कप्तान की भूमिका निभाई। ये खिलाड़ी पहले भी राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में नाम रोशन कर चुके हैं। खिलाड़ी आशीष और आर्यन ने 2021 में उड़ीसा में हुई जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था। इस अवसर पर सचिव सुभाष रुहल, पार्षद भारत हरसौला, कोच अनिल व पूर्व सरपंच सतपाल मौजूद रहे।