कैथल। खेलो इंडिया गेम्स को दो बार विभाग द्वारा स्थगित किया जा चुका है। अब उम्मीद लगाई जा रही है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन मार्च माह में हो सकता है। खेलो इंडिया गेम्स लेकर खेल विभाग अपनी तैयारी कर रहा है, जबकि खिलाड़ी इंतजार में हैं कि कब इसकी नई तिथि की घोषणा हो। हालांकि विभाग ने खेलो इंडिया से पहले खेलो हरियाणा करवाकर खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा तो लिया है, लेकिन कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन खेलो को स्थगित करना पड़ा है।
खेल विभाग ने अब मार्च माह में ये गेम्स करवाने को कहा है। लेकिन अभी तक कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। अभी इस बारे में खेल अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं, जबकि खिलाड़ी भी इंतजार में हैं कि खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन हो और इसकी तैयारियों को तेज किया जाए।
बता दें कि इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन हरियाणा के पंचकूला में होना है। बीस सामान्य खेलों व पांच स्पेशल कैटेगरी के खेलों में मुकाबले होने हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के आयोजन को स्थगित करने के लिए 11 जनवरी 2022 को विभाग ने पत्र जारी किया था। इसके बाद इन प्रतियोगिताओं का आयोजन पांच से 14 फरवरी तक किया जाना था, लेकिन नहीं करवाए गए। अब इन गेम्स को मार्च में करवाने की उम्मीद लगाई जा रही है। इन गेम्स को स्थगित करने का कारण बढ़ रहे कोविड मामलों को माना गया था। इसके साथ यह भी कहा गया था कि कोविड के केसों में गिरावट के बाद गेम्स के आयोजन की तैयारियां की जाएंगी। यह गेम्स पहले नवंबर में आयोजित किए जाने थे, लेकिन इनको स्थगित कर फरवरी में शेड्यूल किया गया था। लेकिन अभी तक आगे का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। खिलाड़ी संजना, लासू यादव, कीर्ति ढुल, कोमल, स्नेहा, दीपक सहित अन्य ने इन खेलों का आयोजन करवाने की मांग की है।
खेल अधिकारी सुधा बसीन ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स पांच से 14 फरवरी तक होने थे, जिसे विभाग ने स्थगित कर दिया था। अभी तक गेम्स करवाने की आगामी तिथि की घोषणा नहीं हुई है।