कैथल। 38 साल पहले आवंटित भूमि को गलत तरीके से बेचने वाली महिला के खिलाफ डीसी के आदेश पर हुई जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही बरतने पर एसएचओ कलायत को अपनी कुर्सी से हाथ धोना पड़ा है। एसपी ने एसएचओ कलायत को तुरंत प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं उनके स्थान पर अब पूंडरी के सहायक थाना प्रभारी बलदेव सिंह थाना प्रभारी कलायत होंगे।
दरअसल गांव बात्ता में 38 साल पहले पात्र लोगों को भूमि अलॉट की गई थी। इस भूमि को 50 लाख रुपये में रेशमा नाम की महिला ने कुछ लोगों को बेच दिया था। मामले में डीसी ने गांव के बीरभान सिंह, रामदिया, कांता, महेंद्रो देवी, लाजवंती, ज्ञानवती, तरसेम सिंह व महावीर सिंह आदि की शिकायत पर सीटीएम को जांच का आदेश दिया था। सीटीएम ने इस मामले में जांच कर तत्कालीन राजस्व विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही बताते हुए कहा था कि यह भूमि राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण रेशमा के पति के नाम गिरदावरी में चढ़ गई थी। इसी बात का फायदा उठाकर रेशमा के पति ने जमीन पर ट्रैक्टर का लोन भी लिया था। बाद में रेशमा ने इस भूमि के लिए एनएचएआई से मुआवजा भी लिया। इसके बाद 50 लाख रुपये में जमीन कुछ लोगों को बेच दी थी। सीटीएम ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों सहित जमीन बेचने वाली महिला व खरीदने वालों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी। डीसी ने एसपी को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया था। डीसी के आदेश पर कलायत पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया लेकिन भूमि की खरीद करने वाले लोगों को छोड़ दिया। केवल रेशमा के खिलाफ केस दर्ज किया गया जबकि सीटीएम ने जमीन खरीदने वालों बात्ता निवासी अनिल कुमार, संजू, बलजीत, तेजपाल के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए एसपी को लिखने की सिफारिश की थी लेकिन एफआईआर में खरीदने वालों के नाम नहीं थे। इसी कारण कलायत एसएचओ को लाइन हाजिर किया गया है।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि एसएचओ कलायत जगदीश चंद्र को बात्ता गांव के मामले में एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही करने पर लाइन हाजिर किया गया है। उनकी जगह पूंडरी के सहायक एसएचओ बलदेव सिंह को एसएचओ कलायत बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को एसएचओ सदर, इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को जिला इंस्पेक्टर कैथल, इंस्पेक्टर रमेश कुमार को पुलिस लाइन से कोर्ट कॉम्प्लेक्स सिक्योरिटी इंचार्ज बनाया गया है। पुलिस चौकी पूंडरी से एसआई धर्मपाल को सहायक एसएचओ पूंडरी लगाया गया है।