कलायत के नन्हें-मुन्नें बच्चे हर क्षेत्र में अपनी माटी का नाम रोशन करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। ताजा उपलब्धि में मूल रूप से राव पट्टी से संबंध रखने वाले नर्सरी छात्र समर राणा ने कुरुक्षेत्र में आयोजित फोटो शूट प्रतियोगिता में दूसरा स्थान अर्जित किया है। टीनू शर्मा कोरियोग्राफर व सुविधा माल के संयोजन में आयोजित प्रतिस्पर्धा में अव्वल स्थान पाने वाला कलायत का छोरा अब प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ में 22 सितंबर को माडलिंग में अपने स्टाइल दिखाएगा।
इस प्रकार की उपलब्धि पर निरंतर मिल रहे खिताब को पिता बलराम राणा व माता कृति राणा ने पूर्वजों के नाम किया है। उनका कहना है कि वे मूल रूप से देवभूमि कलायत के निवासी हैं और वर्तमान में धर्म नगरी कुुरुक्षेत्र में रह रहे हैं। इसलिए बेटे के कौशल को उन्होंने कलायत की माटी में से समर राणा के दादा जसपाल राणा व परदादा मंगत राणा के नाम किया है। बलराम राणा ने बताया कि बेटे ने जब से होश संभाला है, तभी से उसकी पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ माडलिंग के प्रति रुचि है। इसके सपनों को साकार करने के लिए वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश-देश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में बेटे को कौशल दिखाने का अवसर प्रदान किया जाता है। छोटी उम्र में प्रतिस्पर्धाओं में रुचि लेने वाले कलायत के बेटे समर राणा का उत्साहवर्धन करने के लिए नगर पालिका की पूर्व चेयरपर्सन रजनी राणा, पार्षदों, समाज सेवी संगठनों और गणमान्य लोगों ने बधाई दी।