विदेश भेजने के नाम पर छह आरोपियों ने तीन व्यक्तियों से 46 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव बालू निवासी संजीव ने राजौंद थाना में शिकायत दी कि उसने गांव किछाना निवासी जसविंद्र के साथ ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उसके साथ गांव बालू के पवन व मनीराम भी मौजूद थे। जसविंद्र ने तीनों को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने की बात कही। आरोपी ने उन तीनों के दस्तावेज भी ले लिए और तीनों से 45 लाख 75 हजार रुपये ले लिए।
इसके बाद 28 जनवरी 2023 को उन तीनों को गांव किछाना के पूर्व सरपंच प्रवीन के घर बुला लिया। आरोपी ने अपनी माता कृष्णा, पिता महावीर, पत्नी अमरजीत कौर, राजेश व कमल के साथ मिलकर उनसे रुपये ले लिए और कहा कि अगर उनका काम नहीं हो सका तो पैसे ब्याज सहित वापस लौटा देगा। कई दिन बाद भी जब उन्हें विदेश नहीं भेजा तो उसको शक हुआ और वीजा की जांच करवाई। जांच में पाया कि वह वीजा फर्जी है।
संजीव ने बताया कि रुपये लेने के बाद भी जब आरोपी ने उनका कार्य नहीं किया तो उन्होंने इस संबंध में पंचायतें की। वहां भी आरोपियों ने उनके रुपये ब्याज सहित लौटाने की बात कही। अब आरोपी ने रुपये देने से साफ मना कर दिया है।
रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देता है। ऐसा करके आरोपी ने उनके साथ ब्याज सहित 46 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है।