बलराज नगर में एक ऑडियो मिक्सिंग स्टूडियो में आग लग गई। आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्टूडियो मालिक इसमें झुलस गया। युवती को हल्की चोट आई है।
हरियाणा के कैथल शहर के बलराज नगर में मंगलवार दोपहर के समय शॉर्ट-सर्किट से एक ऑडियो मिक्सिंग स्टूडियो में आग लग गई और यहां पर लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना के बाद दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। आग लगने की घटना के बाद दमकल विभाग के कर्मियों के साथ ही सिविल लाइन थाना की पुलिस भी पहुंची।
विज्ञापन
दोपहर करीब दो बजे स्टूडियो में अचानक धुंआ उठने लगा। इस दौरान स्टूडियो में सिरटा गांव निवासी 32 वर्षीय मालिक सुनील और जसवंती गांव निवासी मनप्रीत मौजूद थे। ये दोनों ही मिक्सिंग का कार्य कर रहे थे। आग लगने के बाद मनप्रीत तो भागकर नीचे आ गई। इस दौरान उसे हल्की चोट आई। जबकि सुनील आग से झुलस गया। उसके हाथ और मुंह जल गया है। सुनील के परिजन राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुनील व मनप्रीत को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया। मनप्रीत को हल्की चोटें आने के चलते उसे प्राथमिक उपचार देकर वापस भेज दिया गया जबकि सुनील का सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देर होती तो हो सकता था बढ़ा हादसा
स्टूडियो में आग लगने की घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि कुछ ही देरी दमकल विभाग के कर्मियों के वहां पहुंचने में हो जाती तो वहां पर बढ़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की घटना के बाद यहां पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई।
विज्ञापन
शहर के देवीगढ़ रोड स्थित बलराज नगर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद दमकल की गाड़ी को मौके पर ही भेज दिया गया था। स्टूडियो में आग लगने से करीब छह लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। इस घटना के दौरान करीब डेढ़ घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। - सुरेंद्र कुमार, प्रभारी, दमकल विभाग, कैथल।