कैथल। जाट हाईस्कूल सोसाइटी कैथल की निवर्तमान प्रबंध समिति ने पिछले तीन साल के कार्यकाल का ब्योरा दिया है। साथ ही सरकार द्वारा नियुक्त किए गए प्रशासक मांगेराम ढुल को विधिवत कार्यभार सौंप दिया। कार्यभार सौंपने और लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के लिए निवर्तमान प्रबंधक समिति, प्रशासक एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों की आम बैठक जाट कॉलेज के सेमिनार हॉल में हुई। इसमें निवर्तमान कोषाध्यक्ष गुरुदयाल नैन ने तीन साल में करवाए गए विकास कार्यों का एक-एक कर ब्योरा दिया। इसमें बताया कि कोरोना महामारी का दंश झेलते हुए भी सर छोटू राम के नाम से अकादमी और जिले भर में एकमात्र ऐसी 300 बच्चों के लिए लाइब्रेरी तैयार की, जिसमें विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर पाते हैं। इसके अलावा जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल में प्रयोगशालाओं का निर्माण, स्टाफ व बच्चों की कार बाइक के लिए स्टैंड, आईटीआई में नई मशीनें, जाट कॉलेज की लाइब्रेरी का नवीनीकरण, चार लाख की पुस्तकें मंगवाईं, संस्था के गेट नंबर चार, छह के नाम से भव्य मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण आदि कार्य कराए गए।
निवर्तमान प्रधान इंद्र सिंह नौच ने कहा कि उनकी टीम ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संस्था में कार्य किया। उप प्रधान श्री राकेश जैन एडवोकेट ने कहा कि यदि उनसे कोई कमी रह गई तो इस बारे में अवगत करवाया जाए। इस मौके पर कुराड़ निवासी उजागर सिंह चहल पुत्र शीबू चहल ने संस्था में एक कमरे के लिए धन दान किया।
प्रशासक ने स्वीकार किया लेखा-जोखा
प्रशासक मांगेराम ढुल ने लेखा-जोखा स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि जाट हाईस्कूल सोसाइटी के खाते में 33 लाख, 5820, जाट शिक्षण महाविद्यालय में 34 लाख 97 हजार 400 रुपये, 17 लाख 22 हजार 270 रुपये की एफडी, जाट कॉलेज के खाते में 24 लाख 20 हजार 890 रुपये और 30 लाख 90 हजार 500 की एफडी जाट प्राइवेट आईटीआई में, छह लाख 84 हजार 830 रुपये जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में, चार लाख 52 हजार 50 रुपये जाट पॉलिटेक्नीक कॉलेज के खाते में, जाट शिक्षा समिति के खाते में 20 लाख रुपये और 56909 की एफडी, जाट शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल में चार लाख 30 हजार 630 और आठ लाख 30 हजार की एफडी एवं अकादमी के खाते में एक लाख तीन हजार 500 रुपये की राशि है। आयकर विभाग से रिटर्न के तौर पर 38 लाख 19 हजार 650 रुपये अप्रैल 2022 तक व संस्था की दुकानों का बकाया किराया 6 लाख 84000 रुपये है। करीब दो करोड़ 86 लाख 21 हजार 150 का हिसाब प्रशासक को सौंप दिया गया। इस मौके पर जाट हाई स्कूल सोसाइटी के पूर्व प्रधान बलवान कोटडा, रत्न चंदाना, प्रेम मलिक जाखौली, रघुबीर चहल हरिपुरा, डॉ. जयपाल रोहेड़ा माजरा, धर्मजीत सिंह, पूर्व प्रधान रणवीर सिंह ढुल, निवर्तमान प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष एडवोकेट राकेश ननैन, रोशनलाल पाड़ला, सुरजीत बेनीवाल, प्रताप सिंह चहल, धर्मपाल चहल, राजेश चहल, सत्यवान शेरगढ़, महावीर ढुल, विक्रम अतैला, कुलदीप खटकड़, कुलदीप संधू, जसवंत सिंह रिटायर्ड डीएसओ, गंगाबिशन एडवोकेट, जगदीप चहल, संदीप चहल, रणधीर कुंडू, धर्मवीर सिंह, सत्यप्रकाश पहलवान चौथ, विक्रम पहलवान, रामपाल नौच, उजागर सिंह चहल, सुरजीत चहल उपस्थित रहे।