गुहला-चीका। बहुतकनीकी कॉलेज चीका के सभागार में हुई बैठक में रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नवीन कुमार ने उम्मीदवारों को चुनाव आयोग की हिदायतों, नियमों एवं दिशानिर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी दल या उम्मीदवार कोई ऐसा कार्य नहीं करेगा, जिससे विभिन्न जातियों और समुदायों, धार्मिक अथवा भाषायी मतभेद को बढ़ावा मिले। मंदिरों, मस्जिद, चर्च या अन्य पूजा स्थलों का चुनाव प्रचार के लिए सार्वजनिक स्थानों का प्रयोग वर्जित है।
उन्होंने सभी उम्मीदवारों से कहा कि वे अपने अपने खर्च का रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट करें और उनसे निर्धारित समय अनुसार जांच कराएं। उन्होंने कहा कि नगरपालिका चुनाव से संबंधित कोई सुझाव या शिकायत उम्मीदवार देना चाहते है तो दे सकते है। उम्मीदवार या पार्टी द्वारा कोई चुनाव प्रचार से संबंधित रैली या रोड शो आयोजित करने से पहले सूचना प्रशासन को दें।
डीएवी कालेज में बनाया जाएगा स्ट्रांग रूम
19 जून को मतदान के तुरंत बाद ईवीएम मशीनें डीएवी कॉलेज चीका में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी जाएंगी। 22 जून को प्रात: आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा और मतगणना का कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
रिटर्निंग अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि 18 जून को पोलिंग पार्टियां मतदान केेंद्रों पर भेजी जाएगी और 19 जून को सुबह छह बजे मॉक पोल होगा, उसके बाद सुबह सात बजे मतदान शुरू होगा जो शाम छह बजे तक चलेगा।