बैंकों में दो हजार रुपये के नोट जमा करवाने व बदलवाने का समय शनिवार तक का था, लेकिन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के हिदायतों के तहत अब सात अक्तूबर तक दो हजार रुपये नोट जमा करवाए जा सकते हैं। शनिवार को शहर के प्रमुख बैंकों में नोट बदलवाने के लिए कोई भी उपभोक्ता पहुंचा दिखाई नहीं दिया।
शनिवार का दिन होने के कारण उपभोक्ता सामान्य दिनों से कम ही बैंकों में नजर आए, उनमें से भी नोट बदलवाने के लिए कोई नहीं पहुंचा। बैंकों में लेनदेन का कार्य भी अधिक नहीं हो सका। बैंकों में कर्मचारी केवल कार्यालय का कार्य करते नजर आए।
कैथल शहर सहित जिले में सरकारी और निजी बैंकों की 202 शाखाओं में से अधिकतर शाखाएं खुली रही, लेकिन दो हजार रुपये के नोट बदलवाने से संबंधित सूचना किसी भी बैंक से एलडीएम कार्यालय में नहीं पहुंची।
गौरतलब है कि बीते करीब चार महीने का समय सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को दिया गया था कि वे जल्द से जल्द अपने पास रखे दो हजार रुपये के नोट बदलवा लें। इस समय अंतराल में लगभग सभी उपभोक्ताओं ने नोटों को बदलवा लिया।
अग्रणी बैंक प्रबंधक सुरेंद्र कुमार नंदा ने बताया कि अंतिम दिन किसी भी बैंक में कोई उपभोक्ता नोट बदलवाने के लिए नहीं पहुंचा। कर्मचारी निर्धारित समय पर बैंक में पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि शनिवार को अधिकतर ऑफिशियल कार्य ही बैंकों में हुए।
कुछेक उपभोक्ता जो अधिक जरूरत पर बैंकों में लेन देन के लिए पहुंचे थे, स्टाफ पूरा होने के कारण उन्हें सेवाएं उपलब्ध करवाई गई। एलडीएम ने बताया कि फिलहाल दो हजार के नोट बदलवाने के लिए दिया गया समय आरबीआई ने बढ़ा दिया है।