सुप्रीम कोर्ट के एक फरवरी को आए आदेश के बाद हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने मंगलवार सुबह नवनियुक्त अध्यक्ष महंत कर्मजीत सिंह की अगुवाई में संत बलजीत सिंह दादूवाल व कमेटी सदस्यों के साथ कैथल के नीमसाहब व मंजी साहब गुरुद्वारे की सेवा संभाल अपने हाथ में ले ली।
हर अमावस्या के अगले दिन एसजीपीसी के इंस्पेक्टर जैसे ही गोलक खोलने पहुंचे तो नई कमेटी पदाधिकारियों ने उनसे पहले ही चाबियां ले ली। फिलहाल कमेटी ने कोई नया ताला नहीं लगाया है। नीम साहब गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहब की अरदास कर कैथल से एचएसजीएमसी सदस्य अंग्रेज सिंह गोराया को कैथल के दोनों गुरुद्वारों के प्रबंध व देखरेख की जिम्मेदारी सौंप दी।
गुरुद्वारा नीम साहब में सेवा संभालने से पहले एचएसजीएमसी के महासचिव गुरविंद्र सिंह धमीजा व अंग्रेज सिंह गोराया गुरुद्वारा मंजी साहब पहुंचें। जहां एसजीपीसी के इंस्पेक्टर सुखविंद्र से वहां के गोलक की चाबियां लीं। इसके बाद पूरी कमेटी गुरुद्वारा नीमसाहब पहुंचीं।
इस मौके पर नई कमेटी के अध्यक्ष महंत कर्मजीत सिंह व संत बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि एक फरवरी को आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब एचएसजीएमसी सभी गुुरुद्वारों की सेवा संभाल अपने हाथ में ले रही है। पहले कुरुक्षेत्र और अब कैथल में यह सेवा संभाल ली गई है।
नई कमेटी पर मतभेद के मुद्दे पर दादूवाल ने कहा कि लंबे समय से हरियाणा का सिख गुरुद्वारों की सेवा संभालने के लिए संघर्ष कर रहा था। अब जब यह अवसर आया है तो पूरे प्रदेश में सिख समाज में खुशी की लहर है। इसी कारण सभी आज खुश हैं। इस मामले में सभी को साथ आना चाहिए। इसीलिए वे भी साथ आए हैं। जगदीश सिंह झींडा के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी अपील है कि जगदीश सिंह झींडा भी साथ आएं। उनसे अपील है कि वे साथ आकर सेवा के काम को आगे बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुद्वारों की सेवा संभाल के बाद एचएसजीएमसी का चुनाव होगा।
कैथल गुरुद्वारों के प्रबंध की जिम्मेदारी एचएसजीएमसी सदस्य अंग्रेज सिंह गौराया को सौंपी है। अंग्रेज संह गौराया ने कहा कि गुरुद्वारा साहब नीम साहब व मंजी साहब की सेवा संभाल ले ली है। चीका की वे पहले ही देखरेख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में एसजीपीसी द्वारा चलाए जा रहे स्कूल को भी अपने अधीन लिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई चल रही है।
मौके पर तैनात रह पुलिस बल
कुरुक्षेत्र में हुए विरोध को देखते हुए भरी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार आदि अफसर मौजूद रहे। उधर, केंद्र व प्रदेश की खुफिया एजेंसियां भी मामले में नजर बनाएं रहीं और सुबह से ही यहां कर्मचारी सक्रिय दिखाई दिए। सेवा संभाल लेते समय किसी तरह का विरोध नजर नहीं आया।