गुहला-चीका। जापान में हुई पैरा एशियन गेम्स में तीरंदाजी में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर लौटे हरविंदर का चीका पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने हरविंदर को बधाई देते हुए इसे देश, प्रदेश और गुहला-चीका के लिए गौरव का क्षण बताया।
डीसी अपराजिता ने हरविंदर और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरविंदर ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। चीका में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने हरविंदर की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। हरविंदर ने साबित किया है कि शारीरिक चुनौतियां किसी खिलाड़ी के हौसले और प्रतिभा के आड़े नहीं आ सकतीं। समारोह में एथलेटिक्स कोच डॉ. सतनाम सिंह, तीरंदाजी कोच सचिन, हॉकी कोच नरेश, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह, मेहताब सिंह डीपी और विक्रम पाबसर आदि मौजूद रहे।