कैथल। जिले की अनाज मंडियों में सरकार की ओर से सोमवार को सरकारी खरीद शुरू की जानी है। इसके लिए जिले में करीब 21 सरकारी खरीद केंद्र बनाए गए हैं। वहीं शहर की दो मंडियों में मूलभूत समेत कई अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इस स्थिति में किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, ढाई प्रतिशत तक आढ़त देने की मांग को लेकर शुरू हुए विरोध के बीच आढ़तियों ने सोमवार से पांच दिवसीय हड़ताल करने का एलान किया है। वैसे तो मंडियों में गेहूं की फसल पहुंचने का अनुमान नहीं है। हालांकि यदि गेहूं की फसल मंडी में पहुंचती है तो आढ़ती खरीद प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनेंगे। यह फैसला आढ़तियों ने राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर लिया है। आढ़तियों ने इससे पहले सरसों की सरकारी खरीद में भी हिस्सा नहीं लेने का निर्णय लिया था।
जानकारी के अनुसार इस समय नई अनाज मंडी में जहां शौचालयों और जींद रोड स्थित विस्तार अनाज मंडी में बिजली की समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। यहां पर आढ़तियों को केवल एक फेज में ही बिजली दी गई है। जबकि उनकी मांग तीन फेज में बिजली देने की मांग की है।
मंडी की समस्याओं पर यह बोले किसान व आढ़ती
किसान कृष्ण ने बताया कि मंडी में सीजन के दौरान हजारों किसान, मजदूर और आढ़ती यहां काम करते हैं। इस समय भी मंडी में बने शौचालय बदहाल हैं। पूरी मंडी में केवल दो ही सार्वजनिक शौचालय हैं। इनके हालात काफी खराब हैं। मंडी के आढ़ती प्रवीन कहा कि मंडी से गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले बंद पड़े हैं। इनके बंद होने के कारण पानी मंडी से बाहर नहीं जा रहा। नालों के ऊपर जाल भी नहीं लगाए गए हैं। इस संबंध में उन्होंने मार्केट कमेटी को अवगत भी करवाया है। इसलिए अधिकारियों से अपील है कि इसका जल्द समाधान करवाया जाए।
विस्तार अनाज मंडी में बिजली की है समस्या
विस्तार अनाज मंडी में इस समय बिजली की समस्या बनी है। यहां पर निगम ने एक फेज में बिजली दी है। जबकि यहां पर तीन फेज की बिजली की आवश्यकता है। इसलिए संबंधित अधिकारी इसका समाधान करवाएं।
धर्मपाल कठवाड़, चेयरमैन, नई अनाज मंडी एसोसिएशन
वर्जन-
मंडी में सीजन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसके तहत पानी, शौचालय और लाइटों की समस्या पर काम करवाया जा रहा है। अभी गेहूं मंडी में 10 अप्रैल के बाद आना शुरू होगी, इससे पहले सभी तैयारियां पूरी की ली जाएंगी।
बसाऊ राम, सचिव, मार्केट कमेटी
आज से पांच दिन तक आढ़ती नहीं करेंगे खरीद
सरकार की ओर से पहले सरसों में उन्हें ढाई प्रतिशत आढ़त देने के फैसले को वापस लिया। अब गेहूं की फसल खरीद पर भी सरकार ने ढ़ाई प्रतिशत तक आढ़त नहीं दी जाएगी। इसके विरोध में राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर पांच दिन तक हड़ताल करने का निर्णय लिया है। सोमवार से हड़ताल शुरू की जाएगी।
सोहन लाल ढुल, प्रधान, विस्तार अनाज मंडी