कैथल। अलग-अलग चार स्थानों से चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया। पुलिस ने चारों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। पहली शिकायत में सेक्टर 20 निवासी संजय कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी पिहोवा चौक पर मिठाई की दुकान है। ढांड रोड पर रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट में काम करने के लिए उन्होंने उत्तराखंड के कुछ नौकर रखे हैं। 12 अप्रैल की रात को उसके गल्ले में 60 हजार रुपये थे। 13 अप्रैल को सुबह पांच बजे आकर देखा तो रुपये नहीं मिले। उसका नौकर जिला देहारादून के कंदोई निवासी विनोद सुबह रेस्टोरेंट छोड़कर चला गया। वह उसके 60 हजार रुपये चोरी कर ले गया।
पुलिस को दी दूसरी शिकायत में जाजनपुर निवासी महिला जहरो देवी ने बताया कि 12 अप्रैल को शाम करीब आठ बजे उसने अपने पशुओं को बाड़े में बांधा था। वहां से चोर दो भैंस चोरी कर ले गए। सीसीटीवी कैमरे से पता चला है कि उसकी भैंस को एक गाड़ी में चोर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस को दी तीसरी शिकायत में उप सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग ने बताया कि आठ अप्रैल को शाम पांच बजे सिविल सर्जन स्टोर से ड्यूटी के बाद घर चले गए। नौ, 10 अप्रैल को शनिवार और रविवार होने के कारण स्टोर बंद था। 11 अप्रैल को सुबह आकर देखा तो स्टोर के बाहर टॉयलेट का एल्युमीनियम का दरवाजा और स्टोर के बाहर रखा लोहे का सामान चोरी हो गया था।
चौथी शिकायत में प्राथमिक पाठशाला गुहणा के मुख्याध्यापक प्रीतम सिंह ने बताया कि नौ और 10 अप्रैल की रात चोर स्कूल में घुसकर कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे चोरी कर ले गए। पुलिस सभी मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है।