संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दूसरे दिन योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस कार्यक्रम में 100 स्वयंसेविकाओं ने हिस्सा लिया। इसके तहत नशामुक्ति अभियान को गति देने के लिए प्राध्यापिका अरुणा ने छात्राओं को टीशर्ट पर स्लोगन राइटिंग की विधा सिखाई।
कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान रामबहादुर खुरानिया ने सभी छात्राओं को नशे से होने वाले नुकसान से अवगत करवाया। सभी स्वयंसेविकाओं ने उसके बाद एक दूसरे की टीशर्ट पर नशामुक्ति के नारे लिखे एवं इनके समाज में प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली।
स्वयंसेविकाओं ने पोस्टर के माध्यम से सभी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया एवं उनकी प्रदर्शनी भी लगाई। व्याख्यान शृंखला में कॉमर्स प्राध्यापिका नंदिता ने वीर दिवस के महत्व एवं धर्म रक्षा के लिए गुरु गोबिंद सिंह के परिवार के बलिदान को याद किया। इस मौके पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरती गर्ग, अनीता गुप्ता, अलका गोयल, मोनिका गुगलानी, सीमा सुनेजा, अरुणा उपस्थित रहीं।