संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। चौशाला गांव स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अमेरिका में रहने वाले गांव के बेटे परमजीत ने उपहार भेजे हैं। इनमें ट्रैक सूट, स्पोर्ट्स शूज और जुराबें शामिल हैं।
गांव में रह रहे परमजीत के पिता रामकिशन भाल यह उपहार स्कूल लेकर पहुंचे। स्कूल के 26 विद्यार्थियों के लिए भेजे गए ट्रैक सूट स्कूल के प्रधानाचार्य जोगेंद्र नैन ने शिक्षकों की उपस्थिति में बच्चों को सम्मानपूर्वक वितरित किए। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन ने सरकारी स्कूलों के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में परमजीत के इस प्रयास की सराहना की।
परमजीत के शिक्षक रहे जेबीटी शिक्षक मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का सुझाव रखा था। इसी प्रेरणा से परमजीत ने अपनी पौत्री अंबर के जन्मदिन की खुशी में ये उपहार भेजे। उनके पिता रामकिशन भाल सुबह ही स्कूल पहुंचकर सामग्री भेंट की। उन्होंने कहा कि परिवार ने चाहा कि जन्मदिन की खुशी में सरकारी स्कूल के बच्चों को भी तोहफे मिलें।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार, सुनील वर्मा, मुकेश कुमार, सुनील दत्त, राजेश कुमार और अशोक स्वामी उपस्थित रहे।
सरकारी स्कूलों की बेहतरी के लिए जनसहयोग जरूरी ः रामकिशन
रामकिशन भाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों की बेहतरी के लिए जनसहयोग जरूरी है। समाजसेवी परमजीत की यह पहल प्रशंसनीय है। इससे विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। अब वह समय नहीं रहा जब सरकारी स्कूलों के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों की तुलना में कमजोर या निष्क्रिय माना जाता था। इस स्कूल के विद्यार्थी हिंदी, अंग्रेजी, गणित जैसे विषयों में होनहार हैं और लोक कला, रंगोली, पेंटिंग, गायन, कविता व भाषण में भी पीछे नहीं हैं।
विद्यालय की आठ छात्राओं का फुटबॉल नर्सरी में चयन हो चुका है। इस जज्बे को पंख लगाने के लिए परमजीत ने विदेश से उपहार भेजकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया है। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंध कमेटी के प्रधान अजमेर सिंह भाल, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।