कैथल/गुहला-चीका। मुख्यमंत्री मनोहर ने वीसी के माध्यम से 17 जिलों के 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास किया। इसमें कैथल के गांव अगौंध का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है। आसपास के 21 गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं 21 गांवों को सौगा लाभ मिलेगा। उधर, विधायक ईश्वर सिंह ने लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत रूप से इस पीएचसी को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर लघु सचिवालय के प्रवेश द्वार व कार्यक्रम हॉल को फूलों से सजाया गया था।
अंगौध में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छह बेड के अस्पताल की सुविधा मिलेगी। यहां एक्सरे रूम, छोटे ऑपरेशन के लिए थियेटर, लेबर रूम, लैबोरेट्री, नर्सिंग रूम, मेल व फीमेल वार्ड, डिस्पेंसरी रूम, ऑफिस, डॉक्टर रूम बनाया है। इसके अतिरिक्त एक चिकित्सा अधिकारी आवास, चार तृतीय श्रेणी व दो द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों के आवास का भी निर्माण किया गया है। इस पर तीन करोड़ 80 लाख रुपये की लागत आई है।
उद्घाटन अवसर पर विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद को राहत देने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। शहरी के साथ-साथ ग्रामीण आंचल में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, जिससे लोगों को उनके घर द्वार पर ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि गुहला क्षेत्र में इससे पहले भी कई योजनाओं, परियोजनाओं को पूरा किया है। प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता से कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र में दहलीज तक स्वास्थ्य, शिक्षा आदि सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। शिक्षा और चिकित्सा दोनों महत्वपूर्ण सेवाएं हैं। इसी के मद्देनजर जहां गांव में पीएचसी आदि का निर्माण करवाया जा रहा है, वहीं शिक्षा के लिए चक्कू लदाना आदि स्थानों पर कॉलेज भी खोले गए हैं। संबंधित अधिकारी आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। नौकरी के साथ-साथ अगर किसी की मदद की जाए तो यह एक पुण्य का कार्य है।
इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यमुनानगर से वीसी के माध्यम से प्रदेश के 17 जिलों में बने विभिन्न 46 अस्पताल, पीएचसी, एसएचसी, एचडब्ल्यूसी का उद्घाटन किया। डीसी जगदीश शर्मा ने विधायक ईश्वर सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि जिला में स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही है। इस अवसर पर एडीसी डॉ. बलप्रीत सिंह, सीटीएम गुलजार मलिक, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डीआईओ दीपक खुराना, डॉ. संजीव गोयल, डॉ. नीरज मंगला, डॉ. बलविंद्र, डॉ. संदीप बातिश, डॉ. विकास धवन, डॉ. अमन बंसल, राजेश कुमार मौजूद रहे।
पीएचसी अगौंध खुलने से इन गांवों को होगा फायदा
सुल्तानिया गांव, सुल्तानिया डेरा, कसौर, माजरी, मस्तगढ़ चक्कू, तारांवाली, चाणचक, दाबनखेड़ी, करतारपुर, पड़ता खरकड़ा, भूना आदि गांव।