Fifth class students got second place in the state
- फोटो : Kaithal
शिक्षा विभाग हरियाणा की ओर से करवाई गई विद्यार्थी आकलन परीक्षा (स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट) में कैथल जिले के तीसरी और छठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों का प्रदेश में द्वितीय स्थान रहा है।
गौरतलब है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2021-22 को इस बार अब तक दो माह से भी ज्यादा समय बीत चुका है। विभाग हरियाणा द्वारा एक सत्र में 6 बार कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों की विद्यार्थी आकलन परीक्षाएं ली जाती हैं। इसमें देखा जाता है कि सत्र के लिए इतना समय बीतने के बाद विद्यार्थियों ने क्या सीखा है। इस बार परीक्षाएं 26 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी हैं। तीनों कक्षाओं के विद्यार्थियों ने गणित और हिंदी विषयों में प्रतिभागिता के साथ ये उपलब्धियां हासिल की हैं।
अभी तक हुई कक्षा तीसरी की परीक्षा में जिले के 92 प्रतिशत और छठवीं कक्षा के 91 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई, जो पहले स्थान पर आने के महत्वपूर्ण रही। इसके अलावा कक्षा पांचवीं के 94 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता दर्ज करवाई है। ये परीक्षाएं अवसर एप पर जारी हैं।
कक्षा पहली और दूसरी की परीक्षाएं रहेंगी मौखिक
एसएटी की कक्षा पहली और दूसरी की परीक्षाएं मौखिक रूप से होंगी। इनकी डेट शीट भी विभाग द्वारा जारी की गई हैं। जो विद्यार्थी किन्हीं कारणों से अवसर एप पर परीक्षाएं नहीं दे पाएंगे उनकी बाद में ऑफलाइन परीक्षा स्कूल स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि इस संबंध में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानाचार्या डॉ. सुदेश सिवाच व जिला परियोजना निदेशक प्रेम सिंह पूनिया ने सभी ब्लॉक के सक्षम सहयोगियों से बैठक की है। इसमें अवसर एप के प्रयोग एवं आकलन परीक्षाओं बारे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जागरूक करने बारे दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री दूरवर्ती शिक्षा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार बाल्यान परीक्षाओं को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम स्थान पर आना जिले के लिए बहुत अच्छी बात है। प्रयास रहेगा कि अन्य कक्षाओं में भी जिला अव्वल स्थान पर रहे।