अनाज मंडी कलायात में भाकियू की कलायत इकाई की बैठक हुई। बैठक में लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने के मुद्द पर महापंचायत फैसला लिया गया। किसानों ने कहा कि लड़की की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने का जो कानून लाया गया है, भारतीय किसान यूनियन उसका विरोध करती है।
केंद्र सरकार की ओर से लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने का प्रस्ताव अब तूल पकड़ने लगा रहा। यूपी में सपा सांसद के इस संबंध में विवादित बयान के बाद अब किसानों ने इस पर महापंचायत का ऐलान किया है।
इस संबंध में रविवार को हरियाणा के कैथल जिले में भाकियू कलायत इकाई की बैठक अनाज मंडी किसान भवन में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता मास्टर मिठ्ठनलाल मटौर ने की। उन्होंने बताया कि बैठक में वसंत पंचमी के दिन कलायत में किसान मजदूर-जवान महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन
मिठ्ठनलाल ने कहा कि कलायत में प्रस्तावित महापंचायत के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत, बलबीर सिंह राजेवाला, जोगेंद्र सिंह, डाॅ. दर्शन पाल, रूलदू राम मानसा, रतनमान, जोगेंद्र नैन, विकास सिंसर, अभिमन्यु कोहड़ा सहित अन्य किसान नेताओं को न्योता दिया जाएगा।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिला प्रधान महेंद्र सिंह, युवा नेता गुरनाम सिंह सहारण, रिसाल सिंह, श्रीराम, बलवंत, प्रदीप कुराड़, कृष्ण मोर, शमशेर, चंद्रपाल बात्ता, सुनील कुमार, बलवान कौलेखां और लीला राम ढुंडवा मौजूद रहे। बैठक में तीन कृषि कानूनों के वापस होने पर सभी ने खुशी जाहिर की।
विज्ञापन
किसानों ने कहा कि तीन कृषि कानूनों की वापसी किसान ही नहीं बल्कि मजदूर, व्यापारी और 36 बिरादरी की जीत है। उन्होंने बैंकों और शिक्षा के निजीकरण का भी विरोध किया। यूरिया खाद की किल्लत का मुद्दा भी बैठक में उठा। कहा कि लड़की की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने का जो कानून लाया गया है, भारतीय किसान यूनियन उसका विरोध करती है।