कैथल। कृषि एवं कल्याण विभाग ने अनुदान पर लिए गए कृषि यंत्रों की अनुदान राशि भेजनी शुरू कर दी है। पहली किस्त में विभाग ने 292 व्यक्तिगत किसान और 60 कस्टम हायरिंग सेंटरों को पांच करोड़ रुपये की राशि दी है। इसी सप्ताह में जल्द ही दूसरी किस्त जारी की जाएगी। इसमें विभाग की ओर से करोड़ की राशि किसानों के खाते में डाली जाएगी।
विभाग की ओर से सीआर स्कीम के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर पर 80 प्रतिशत और व्यक्तिगत 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। जिन किसानों ने फसल अवशेष करने के बाद विभाग की वेबसाइट पर आवेदन किया था, उनको यह लाभ दिया जा रहा है। विभाग की ओर से हर वर्ष स्ट्रा बेलर, हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, रीपर, जीरो टिलेज मशीनों सहित अन्य मशीनें किसानों को अनुदान पर दी जाती हैं। ताकि किसान कृषि यंत्रों के माध्यम से धान की पराली को काटकर उसकी गांठ बना सकें या फिर खेत की जमीन में मिला सकें। कृषि विभाग के सहायक कृषि अभियंता जगदीश मलिक ने बताया कि जिन किसानों ने फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों को अनुदान पर लिया था। उनको अनुदान की राशि दी जा रही है। अब तक किसानों के खातों में पांच करोड़ की राशि डाल दी गई है। इसी सप्ताह में चार करोड़ की राशि और डाल दी जाएगी।