22-कैथल। कहीं पानी मिल जाए..........शुक्रवार 44 डिग्री तापमान में पानी पीने के लिए खाली मटकों में झांकते ह?
- फोटो : Kaithal
कैथल। ज्येष्ठ की भीषण गर्मी के बीच बिजली के कटों से लोग परेशान है। गर्मी व बिजली ने लोगों को इतना परेशान कर दिया है कि वे न तो घरों के अंदर बैठ पा रहे हैं, न ही बाहर जा पा रहे हैं। बाहर आग उगलती धूप और अंदर बिजली गुल रहने पर गर्मी लोगों को अब बीमार कर रही है। इस वजह से उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या बढ़ी है। उधर, चिकित्सक भी लोगों को गर्मी में घर से बाहर कम निकलने की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को भी जिले का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री व न्यूनतम 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सात बजे के बाद दिन चढ़ते ही तीखी गर्मी से सबको पसीना छूटने लगे। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र का कहना है कि सब्जियों की फसल के लिए मौसम खतरनाक है। कपास की फसल का भी किसान विशेषकर ध्यान रखें। फसलों में ज्यादा से ज्यादा पानी दें।
डॉक्टर राजेश का कहना है कि गर्मी से लोगों को पसीना अधिक निकल रहा है। शरीर पर पसीना ज्यादा देर तक रहने से दाने निकल आते हैं। बच्चे व बुजुर्ग उसे खुजलाकर छील देते हैं, जिससे समस्या बढ़ जाती है। कोशिश करें कि बच्चों को पसीना आते ही उसे गीले कपड़े से साफ कर दें व घर से बाहर कम जाने दें। बच्चों को ज्यादा से ज्यादा पानी पिलाएं तथा गर्मी से बचाकर रखें।