गुहला चीका। बिजली कर्मचारियों का आंदोलन मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों के अनुसार अधिकारियों के कर्मचारी विरोधी रवैये और पूर्व में किए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करने के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन (संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा) के बैनर तले कर्मचारियों ने बैठक कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
इसकी अध्यक्षता यूनिट प्रधान संदीप सैनी ने की, जबकि संचालन यूनिट सचिव राकेश कुमार ने किया। कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारियों ने पहले बैठकों में समस्याओं का समाधान करने और मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब उन पर अमल नहीं किया जा रहा। इससे कर्मचारियों में रोष है। यूनियन ने आरोप लगाया कि मंडल और उपमंडल कार्यालयों में कुछ कर्मचारी सुबह नौ बजे के बजाय 11 से 12 बजे तक पहुंचते हैं। इससे काम करवाने आने वाले लोगों को परेशानी होती है। कर्मचारियों ने समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रशिक्षुओं से तकनीकी काम करवाने की उठाई मांग
यूनियन सदस्यों ने कहा कि प्रशिक्षु कर्मचारियों से तकनीकी काम लेने के बजाय कार्यालयों में चाय-पानी जैसे काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निर्धारित जिम्मेदारी देने और लिपिकीय कार्य कर रहे सहायक लाइनमैन को फील्ड में लगाने की मांग की।
कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित मामलों का निपटारा करने और ऑनलाइन स्थानांतरण नीति के अनुसार तैनाती करने की मांग की। उनका आरोप है कि चीका उपमंडल में तैनात एक कनिष्ठ अभियंता को मंडल कार्यालय में बैठाया जा रहा है, जबकि उसके आदेश चीका उपमंडल के हैं।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज : संदीप सैनी
यूनिट प्रधान संदीप सैनी ने कहा कि मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द समाधान नहीं हुआ तो गेट मीटिंग को धरना-प्रदर्शन और जुलूस में बदला जाएगा। इस दौरान सुदर्शन कुमार, प्रदीप, विनोद, रामनिवास, सुभाष, देवेंद्र, राजेश, उमेद, किरण बाला सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
गुहला चीका में नारेबाजी करते हुए बिजली कर्मचारी।