Dussehra festival celebrated with pomp across the district
- फोटो : Kaithal
जिलेभर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर जहां बाजारों में दिनभर सामान खरीदने वालों की भीड़ लगी रही, वहीं जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
जिले में कैथल शहर के कई मोहल्लों सहित पूंडरी, सीवन, चीका व अन्य स्थानों पर रावण दहन किया गया। शहर में प्रताप गेट, डोगरा गेट, बोड़ान मोहल्ला व अन्य स्थानों पर रावण के पुतले जलाए गए। बच्चों ने भी अपने हाथों से रावण के पुतले बनाकर उनका दहन किया। चंदाना गेट पर मेले का आयोजन किया गया। जिसमें से बच्चों ने जमकर उपहार खरीदे।
डोगरा गेट पर 30 फुट, प्रताप गेट पर 20 फुट का व सीवन में सबसे बड़ा 50 फुट का रावण का पुतला जलाया गया। बोड़ान मोहल्ला सीवन गेट में बच्चों ने लगभग 12 फुट का रावण का पुतला बनाया। इस कार्य मे समस्त मोहल्ला वासियों ने सहयोग किया। लक्ष्य बंसल , साहिल, अमन व दिशान ने कई दिन मेहनत करके पुतले का निर्माण किया। अभिभावक विकास बंसल ने बताया कि बच्चों ने रावण का पुतला बनाने के लिए दिन रात मेहनत की। उन्होंने कहा कि त्योहारों से बच्चों को अपनी संस्कृति का ज्ञान होता है।