कैथल। पिछले माह 12 लाख रुपये में मछली पालन का ठेका लेने वाली एजेंसी की ओर से वृद्धकेदार सरोवर में डाली गईं मछलियां अज्ञात कारणों के चलते मर गईं। मछलियां मरने से आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल गई है। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि मछली मरने की सूचना मिली है। जिस ठेकेदार ने ये डाली हैं, इन्हें जल्द साफ करवाया जाएगा।
विदित रहे कि पिछले माह 12 लाख रुपये में वृद्धकेदार सरोवर में मछली पालन का टेंडर छोड़ा गया था। इसके बाद ठेकेदार ने तालाब में मछली छोड़ीं थीं। इनमें से अधिकतर मर गईं और पानी के ऊपर आ गई। इससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शहरवासी राजेंद्र, संजय, विनोद ने विभाग के अधिकारियों से मरी हुई मछलियों को बाहर निकाले जाने की मांग की है ताकि क्षेत्र में कोई बीमारी न फैल सके।
इस संबंध में नगर परिषद ईओ कुलदीप मलिक ने कहा कि मछली मरने की सूचना उन्हें मिली है। जिस ठेकेदार ने ये मछली डाली हैं, साफ करने की भी जिम्मेवारी उसकी है। जल्द ही इन मछलियों को यहां से साफ करवाया जाएगा।
उधर, मछली पालन विशेषज्ञों का कहना है कि वृद्धकेदार सरोवर में पानी न बदलने के कारण मछलियां मरी हैं। स्वच्छ पानी से लाई गई मछलियां पेयजल का बदलाव व तापमान के अनुसार स्वयं को नहीं ढाल पाई। मछली मरने का यह बड़ा कारण हो सकता है।