गुहला-चीका। हरिगढ़ गांव में आयोजित एनआरआई कबड्डी टूर्नामेंट में दयौरा गांव की टीम विजेता बनी और ट्रॉफी व 81 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। उसने फतेहबाद जिले के गांव रत्ताथेह की टीम को फाइनल में हराया।
इससे पहले बतौर मुख्य अतिथि गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की उम्दा खेल नीति के चलते अब गुहला-चीका पिछड़े माने जाने वालेे हलके के युवाओं का भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पर चयन होने लगा है। युवा गुहला के साथ प्रदेश का नाम भी रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। उपविजेता रत्ताथेह गांव की टीम को ट्रॉफी व 61 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला।
टूर्नामेंट में फाइनल मैच से पहले पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने मैदान पर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। बाजीगर ने कहा कि 2014 में विधायक रहते उन्होंने हलके में खेलों व खिलाड़ियों के लिए जो प्रयास किए थे उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। बाजीगर ने कहा कि उन्होंने चीका में नौ करोड़ रुपये की लागत से एक खेल स्टेडियम बनवाने के साथ साथ कई गांवों में भी स्टेडियमों का निर्माण करवाया था जिसका युवाओं को लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन जंगीर सिंह, निर्भय औलख, गगन कंबोज, काला पहलवान, भरत हरिगढ़, रिंकू, बिंदा व सुखचैन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।