संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। दीपावली से एक रात पूर्व नगर के मुख्य बाजार में स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
नगर के मुख्य बाजार में स्थित लवली जनरल स्टोर में बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी अधिक फैल गई कि दुकान में रखा सारा सामान राख हो गया। अग्निकांडों के कारणों का कुछ पता नहीं चल पाया है।
दुकान में आग ऊपर की मंजिल में लगी और पहले ऊपर रखा सारा सामान जला और आग फैल कर नीचे की दुकान में भी पहुंच गई, जहां सारा सामान जल गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक सामान जल चुका था। दुकान मालिक के भाई ओम प्रकाश ने बताया कि दुकान में 20 लाख रुपये से अधिक का सामान रखा हुआ था। वह सही प्रकार से दुकान बढ़ा कर रात को घर गए थे। अचानक से उन्हें फोन आया कि दुकान में आग लग गई है तो वह पहुंचे। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और दमकल विभाग को भी बुलाया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लाखों की क्षति हो चुकी थी।