प्रशासन की सख्ती के बाद शहर में ऑड-ईवन फार्मूले के तहत दुकानें खोलने के आदशों का मंगलवार को दुकादारों पर तो असर दिखाई दिया, लेकिन सड़कों व बाजारों में भीड़ पहले दिन की तरह ही रही। हालांकि दुकानदार लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने बारे समझाते भी दिखाई दिए, दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। ऐसे में सामाजिक दूरी का ज्यादातर स्थानों पर पालन दिखाई नहीं दिया। यही स्थिति सड़कों पर बनी रही। भारी संख्या में सड़कों पर वाहन दौड़ते रहे। दूसरे दिन शहर में स्थिति सामान्य दिनों की तरह रही। हालांकि पुलिस की टीमें शहर में नियमों का पालन करवाने के लिए लगातार विभिन्न स्थानों पर चक्कर लगाती रही, लेकिन शहर में पहुंचे लोग केवल पुलिस के होने पर ही नियमों का पालन करते दिखे। सुबह के समय शहर में चंदाना गेट, रेलवे गेट, नई सब्जी मंडी, पिहोवा चौक व ग्यारह रुद्री मंदिर वाली सड़क पर वाहन चालकों की भीड़ रही।
गौरतलब है कि शहर में 12 बजे तक ऑड-ईवन फार्मूले के तहत दुकानें खोलने के प्रशासन के निर्देश हैं। मंगलवार को ऑड नंबरिंग वाली दुकानें खुली रही। दुकानदार बिट्टू, शीशपाल व बीरू ने बताया कि दोपहर से पहले दुकानें खुलने के कारण भी सुबह शहर में भीड़ ज्यादा रही। सामान्य दिनों में तो लोग दिन में किसी भी समय खरीद कर लेते हैं, लेकिन अब केवल तीन चार घंटे ही विभिन्न प्रकार के सामान की खरीद के लिए मिलते हैं। इससे लोग दुकानों पर ज्यादा पहुंचते हैं।
सिटी एसएचओ शिवकुमार ने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार शहर में विभिन्न स्थानों पर रही। पुलिसकर्मियों ने आमजन को बाजारों में जाकर समझाया व सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई।