कैथल। प्रेम के इजहार के लिए किसी दिन, सप्ताह या माह की जरूरत नहीं लेकिन युवाओं के लिए फरवरी बेहद खास महीना रहता है। रूठों को मनाने के सिलसिले से लेकर प्यार का इजहार करने तक के लिए युवा इसी महीने के इंतजार में रहते हैं। सोमवार को वैलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए बाजार भी पूरी तरह तैयार दिखा। इस खास दिन तमाम बंदिशों को पार करते हुए युवा अपने चाहने वालों, दोस्तों और अभिभावकों के साथ प्रेम का इजहार किया। युवाओं पर वैलेंटाइन डे की रूमानियत दिखी। पार्कों, शापिंग सेंटरों और रेस्तरां में युवाओं की भीड़ उमड़ी रही। सोमवार को गुलाब का बाजार हो, केक या उपहार का बाजार, हर कहीं युवाओं भीड़ लगी रही।
बाजार में पहुंची सिंगापुर की रहने वाली रेजी एंड्रीनो ने बताया कि उन्हें कैथल निवासी विनोद सैनी से फेसबुक के माध्यम से प्रेम हुआ। बाद में उन्होंने कैथल आकर विनोद से शादी कर ली। आज वह पहले वैलेंटाइन डे पर शहर में घूमने और खरीदारी करने आए हैं। शाम को केक काटेंगे और एक दूसरे को उपहार देंगे।