पूंडरी। हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को पूंडरी अनाज मंडी में जजपा की हलका स्तरीय रैली को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि गेहूं के सीजन में किसानों को 72 घंटे में भुगतान होगा। हरियाणा के गांवों स्थित तालाबों और जोहड़ों के जीर्णोद्घार तथा पानी की निकासी पर 600 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के पहले चरण में तीन हजार गांवों का चयन करके काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पूंडरी क्षेत्र के लिए 29 करोड़ 68 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जबकि आठ करोड़ 72 लाख रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 28 हजार करोड़ का निवेश हुआ है। जजपा अपनी 43 प्रतिशत घोषणाएं पूरी कर चुकी है। रबी के सीजन को देखते हुए समूचे प्रदेश में लगभग 400 मंडियों और खरीद केंद्रों की स्थापना की गई है, जहां आगामी एक अप्रैल से गेहूं की खरीद का काम शुरू कर दिया जाएगा। सरकार द्वारा फसल बेचने के बाद किसानों को 72 घंटे के अंदर फसल की अदायगी कर दी जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह और महापुरुषों का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जजपा प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह, गुहला विधायक ईश्वर सिंह, रणधीर सिंह, प्रदेश युवा जजपा अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, देवेंद्र कादयान, जिलाध्यक्ष धूप सिंह माजरा, हलका अध्यक्ष राजू ढुल पाई, पूर्व विधायक सतविंद्र राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष रणदीप कौल, पूर्व विधायक पीरथी नंबरदार, रमेश खटक व पूर्व विधायक मक्खन सिंह, प्रोफेसर रणधीर चीका आदि उपस्थित थे।