अस्पताल के बाहर खड़े मृतका के परिजन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ढांड के गांव जाजनपुर में दहेज के लालच व चरित्र पर संदेह के कारण महिला की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। ढांड पुलिस ने महिला के पति व सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि मृतका के ससुराल के लोग उसकी हत्या कर फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में चीका निवासी पवन व सुनील ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बहन सुनीता की शादी मार्च 2016 में गांव जाजनपुर निवासी बाबू राम के साथ हुई थी। उनके माता-पिता की पहले की मृत्यु हो चुकी है। पवन ने बताया कि बुधवार शाम को उसकी बहन का फोन आया कि उसके साथ झगड़ा किया जा रहा है। वह यहां से उसको लेकर चले जाए। पवन ने बताया कि उसने कहा कि वह सुबह भाई को लेकर आ जाएगा। सुबह उसको सूचना मिली कि उसकी बहन की मौत हो गई है। जब वह और उसका भाई अपनी बहन के घर पहुंचे तो वहां पर उसकी बहन की लाश घर में बेड पर पड़ी मिली। जबकि मौके से परिवार के सदस्य लापता मिले। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनसे पैसों की मांग रखी थी। उन्होंने उसके जीजा को 40 हजार रुपये दिए। बाद में उसका पति बाइक की मांग करने लगा। उन्होंने बताया कि वह उसकी बहन पर शक करता था। जिसके चलते उसने उसकी हत्या कर दी।
ढांड थाना एसएचओ रमेश चंद ने बताया कि बताया कि गांव जाजनपुर से उनके पास सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच कर कमरे से महिला का शव बरामद किया गया। उस समय मौके पर मृतका का पति भी मौजूद था। पुलिस ने मृतक महिला के भाई की शिकायत पर दहेज हत्या व चरित्र पर संदेह को लेकर हत्या करने के का मामला दर्ज कर लिया है।