चोरी के चार मामलों में चोर मेडिकल स्टोर से हजारों रुपये नकदी, खेतों से ट्रांसफार्मर व बाइक चोरी कर ले गए। पुलिस ने चारों मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किए हैं।
पहले मामले में प्रताप गेट कैथल निवासी राजीव कुमार ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सीवन गेट के पास उसका मेडिकल स्टोर है। बुधवार 15 जून को दोपहर के समय वह दुकान बंद करके कहीं गया था। दो घंटे बाद वापस आया तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला।
कैश बॉक्स को देखा तो 38 हजार रुपये नकदी चोरी हुई मिली। शहर थाने से हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में डेरा भाग सिंह निवासी बलविंद्र सिंह ने बताया कि 13 जून को किसी ने गांव से उसकी बाइक चोरी कर ली। काफी तलाश के बाद भी बाइक के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया। गुहला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बाइक चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
तीसरे मामले मे पूंडरीे बिजली निगम के एसडीओ रामभज जांगड़ा ने बताया कि पाई गांव में बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर लगाया हुआ है। जहां से 12 जून को ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। चोरी हुए ट्रांसफार्मर की कीमत एक लाख 15 हजार रुपये थी।
चौथे मामले पूंडरीे बिजली निगम के डिविजन नंबर एक के एसडीओ विकासदीप शर्मा ने बताया कि गांव सांच में छह जून को किसी ने ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी के दोनों मामलों में पूंडरी पुलिस ने केस दर्ज कर लिए हैं।