लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने काबू किया है। पूछताछ में पुलिस को फाइनेंसर, बैंक कर्मचारी, व्यापारी व सीएससी सेटर संचालक से लूट की कई वारदातें सुलझने की उम्मीद है। सभी से पूछताछ कर पांच को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं एक आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि सदर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर अमन बैनीवाल की अगुवाई में एएसआई चंद्रभान, हेड कांस्टेबल जगदीश चंद्र, एचसी कर्मबीर सिंह, सूरजमल व सिपाही विनोद कुमार की टीम रात को गश्त के दौरान मागो माजरी के बस अड्डे पर मौजूद थी। सूत्रों से उन्हें जानकारी मिली कि गांव मानस व बाबा लदाना के बीच हथियारों से लैस कुछ युवक सड़क पर राहगीरों को लूटने की कोशिश में है। सूचना पर पीसीआर 5 के कर्मचारी एएसआई मायाराम, एसपीओ पहलू राम व सिपाही विनोद गश्त करते हुए पहुंच गए। दोनों गाड़ियों की पुलिस पट्टी व नीली बत्ती हटाकर टीम सुबह करीब 3:50 बजे मानस-बाबा लदाना के बीच रजबाहा पुल पर पहुंचे। वहां पर एक व्यक्ति टार्च से इशारा देकर एएसआई चंद्रभान की सरकारी गाड़ी को रुकने का संकेत दिया।
गाड़ी रुकते ही कुछ हथियारबंद बदमाशों ने घेराबंदी करते हुए चेतावनी दी कि जान बचाना चाहते हो तो अपनी नकदी-जेवर उनके हवाले कर दो। टार्च की रोशनी में जब उनकी नजर गाड़ी के अंदर बैठे पुलिसवालों पर पड़ी तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने 6 युवकों को मौके पर काबू किया। इनमें पंजाब के जिला पटियाला के बैहर साहिब निवासी रिंकू उर्फ ठाकुर उर्फ प्रवीन को गंड़ासी, आंधली निवासी परमजीत उर्फ जॉनी को भी गंड़ासी, संजीव को भाला, गगन को तलवार, शमशेर को टार्च और बाबा लदाना निवासी सुरेश को डंडा सहित काबू किया। वहीं कार सहित फरार हुए आरोपी की पहचान कर्मजीत उर्फ काका निवासी आंधली के रूप में कर ली गई। जो परमजीत उर्फ जॉनी का सगा भाई बताया गया है। आरोपी रिंकू को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। शेष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इन मामलों का हुआ खुलासा
आरोपियों से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि रिंकू व कर्मजीत काका ने 14 फरवरी के दिन करीब 3 बजे गांव लैंडरकीमा व बुढ़ाखेड़ा के बीच कराणा जिला शामली निवासी पशु व्यापारी आजाद से चाकू की नोक पर 15 हजार रुपये छीने थे। रिंकू ने बताया कि उसने कर्मजीत के साथ मिलकर 22 फरवरी को बाबा लदाना से मानस के बीच तलवार की नोक पर 11 हजार 44 रुपये नकदी छीने थे। साथ ही उसने फरार चल रहे कर्मजीत व एक अन्य साथी सहित 7 फरवरी की शाम एक बाइक सवार का रास्ता रोककर बाता से सजूमा रोड पर गंड़ासी व अवैध पिस्टल दिखाकर 30 हजार रुपये नकदी व स्मार्ट फोन छीना था।