कक्षा दसवीं की परीक्षाओं में अंतिम दिन की परीक्षा के लिए गांव कौल में जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि हादसे में छात्रा की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा व उसकी मां गांव साकरा से गांव कौल में जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी एक ट्रक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
ढांड पुलिस को दी शिकायत में करनाल के गांव रमाणा-रमाणी निवासी मनदीप सिंह ने बताया कि उसके गांव की 18 वर्षीय छात्रा पूजा का गांव कौल में दसवीं की बोर्ड की परीक्षा का सेंटर आया हुआ था। गांव से छात्रा पूजा व उसकी मां राजकौर को वह मोटर साइकिल पर बैठाकर गांव साकरा की ओर आ रहे थे। गांव साकरा के पास में उसकी मोटर साइकिल खराब हो गई। गांव साकरा में ही पूजा व उसकी मां राजकौर कौल जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी एक ट्रक ने पूजा को बुरी तरह से कुचल दिया और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसकी मां को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
एएसआई कृष्ण लाल ने बताया कि पुलिस ने गांव रमाणा-रमाणी निवासी मनदीप की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हादसे में परीक्षा देने जा रही छात्रा पूजा की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। जिनको पीजीआई रेफर किया गया है।
पिता विदेश में है परिवार पर दुखों का पहाड़
पीड़ित परिवार के संबंधी लखविंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा दसवीं कक्षा की परीक्षा दे रही थी। उसकी मां भी उसके साथ परीक्षा दिलवाने के लिए आ रही थी। छात्रा के पिता जगतार सिंह विदेश में है। छात्रा की एक छोटी बहन व एक भाई है।
अंतिम दिन में बदली अंतिम परीक्षा
छात्रा का फिजिकल हेल्थ एजुकेशन की अंतिम परीक्षा थी। किसी को नहीं पता था कि छात्रा की कक्षा दसवीं की अंतिम परीक्षा अंतिम दिन में बदल जाएगी। गांव कौल के गर्ल्स स्कूल में छात्रा की पिछले सात मार्च से परीक्षाएं चल रही थी। बुधवार को छात्रा के फिजिकल हेल्थ एजुकेशन की अंतिम परीक्षा थी। उसकी सहपाठियों ने बताया कि वह काफी होशियार थी। अस्पताल में परिजनों का तांता लगा हुआ था।