दंपति पर पलटा चावलों से भरा ट्रक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार का दिन गुहला चीका के लिए भारी रहा। कुछ ही घंटों के अंतराल में तीन हादसे हो गए। पहले हादसे में पिहोवा रोड पर बसंती माता के सामने ट्रक पलटने से बाइक सवार इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। दूसरे हादसे में एक ट्रक खड़ी कार में जा टकराया। वहीं दोपहर बाद हुए तीसरे हादसे डीएवी स्कूल की वैन पलट गई। लेकिन बच्चे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच आरंभ कर दी है।
बाइक सवार दंपति पर पलटा चावलों से भरा ट्रक, महिला गंभीर
इससे पूर्व सुबह एक मोटर साइकिल को ओवर टेक करने की कोशिश करते हुए चावलों से भरा एक ट्रक सड़क की बर्म नीची होने के कारण पलट गया। मोटर साइकिल पर सवार दंपति ट्रक की बाडी के नीचे दब गए। यह ट्रक पंजाब से चावल लेकर चला था और करनाल में अनलोड होने थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटर साइकिल पर सवार एक महिला व पुरुष पिहोवा की तरफ जा रहे थे। पीछे से आ रहा उक्त ट्रक उन्हें ओवरटेक करने लगा तो तभी आगे से एक अन्य वाहन आ गया जिस कारण ट्रक ड्राइवर को अपना ट्रक सड़क के किनारे की तरफ करना पड़ा। ट्रक चालक सड़क के साथ लगती नीची बर्म का हिसाब नहीं लगा पाया। इसी गफलत में ट्रक के बाएं पहिए सड़क से नीचे उतर गए और हिचकोला खाकर ट्रक एकदम साइड में पलट गया। इससे मोटर साइकिल पर सवार पति पत्नी ट्रक की चपेट में आ गए। चीखपुकार सुनकर पास लगते बसंती माता मंदिर के फूल सिंह अखाड़ा के पहलवान मौके पर आ गए और उन्होंने फटाफट बोरियां हटाकर महिला व पुरुष को बाहर निकाल लिया। दोनों को महावीर दल अस्पताल ले जाया गया जहां महिला की गंभीर हालत देखते हुए पटियाला रेफर कर दिया गया है। हादसे में घायल नसीब सिंह पुत्र गुरपाल सिंह व उनकी पत्नी मनप्रीत कौर गग्गड़पुर के निवासी बताए जाते हैं। गुरपाल की हालत खतरे से बाहर है जबकि मनप्रीत कौर के बारे में डाक्टरों ने अभी कुछ कह पाने से इनकार किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में क्षमता से अधिक चावल लोड किया हुआ है।
डीएवी स्कूल की वैन पलटी, बाल-बाल बचे बच्चे
मंगलवार दोपहर को पिहोवा रोड की दाहिनी तरफ बसे गांव बलबेहड़ा और थेह बनेड़ा के बीच डीएवी स्कूल चीका की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने उक्त गांवों की तरफ जा रही थी। एकाएक वैन की कंडक्टर साइड वाले पहियों की ब्रेक जाम हो गई और वैन एकाएक साइड में खिंचकर पलट गई। वैन में 30 से अधिक बच्चे सवार थे। हादसे में बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। वहीं सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और बच्चों को दूसरे वाहनों से घर पहुंचाया। स्कूल प्रशासन का कहना है कि वैन की स्पीड बहुत धीमी थी इसलिए पलटी खाने के बावजूद बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हादसे की खबर पाकर डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल अपने स्टाफ को लेकर दुघर्टना स्थल पर पहुंच गई और बच्चों को उनके घरों तक पहुंचवाया।
खड़ी कार से टकराया ट्रक, कार चालक बचा
दूसरा हादसा भी पिहोवा रोड पर ही हुआ। हंस नगर निवासी गुरमीत सिंह अपनी इंडिका कार में कहीं से आया था। वह पिहोवा रोड स्थित अपने घर वाली गली के सामने कार खड़ी करके उतर रहा था कि तभी पीछे से तेज गति से एक ट्रक आया और ड्राइवर की साइड से जा टकराया। हादसे में कार का दायां साइड उधड़ गया। गनीमत ये रही कि गुरमीत सिंह अभी कार से उतरा नहीं था वरना उसकी जान भी जा सकती थी।