चार सड़क हादसों में सोमवार रात को एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। जींद रोड पर हुए एक ही हादसे में दो युवकों की मौत हुई। वहीं तीन अन्य हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। पुसिल ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में इस्माईलाबाद निवासी विकास ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 18 वर्षीय भाई अजय जींद रोड बाइपास कैथल स्थित एक होटल में कार्यरत था। सोमवार रात को अजय एक युवक बिहार निवासी वर्षीय कन्हैया के साथ बाइक लेकर शहर की तरफ आया। कुछ देर बाद वे होटल की तरफ वापस लौट रहे थे। जींद रोड जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। अजय के पिता रोहताश ने आरोप लगाया कि होटल संचालक ने उसके बेटे को शराब लेने के लिए भेजा हुआ था। घटना स्थल पर थैले में रखी शराब की चार बोतलें टूटी हुई मिली है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दूसरा हादसा रात साढ़े नौ बजे गांव बालू के पास हुआ। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। बालू निवासी प्रदीप ने कलायत पुलिस को बताया कि उसका 28 वर्षीय भाई कुलदीप पंजाब में शराब के ठेके पर कर्मचारी था। रात के समय वह बाइक पर अपने घर लौट रहा था। चौशाला व बालू गांव के बीच पहुंचने पर तेज गति व लापरवाही से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप की मौत हो गई और आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हेड कांस्टेबल तरसेम ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीसरा सडक़ हादसा गांव दुसेरपुर के पास हुआ। खरौदी निवासी मगड़ सिंह ने गुहला पुलिस को बताया कि शाम के समय उसका 42 वर्षीय भाई रमेश कुमार बाइक पर जा रहा था। दुसेरपुर गांव के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हेड कांस्टेबल जयभगवान ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जिस ट्रक के साथ हादसा हुआ उसका नंबर मिल गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ट्रक की टक्कर से महिला की मौत दूसरा गंभीर रूप से घायल
ट्रक चालक द्वारा मोपेड को टक्कर मारने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि मोपेड चालक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मृतक महिला दर्शना पत्नी कर्मबीर का ढांड पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को दी शिकायत में घायल कर्मबीर ने आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी को साथ लेकर मोपेड पर जा रहा था कि ढांड बिजली बोर्ड के पास पुराने करुक्षेत्र रोड पर एक ट्रक चालक ने लापरवाही से उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उसकी पत्नी की अस्पताल में पहुंचने से पहले ही मौत हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जांच अधिकारी एएसआई तिलक राम ने बताया कि कर्मबीर की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।