सदर थाना क्षेत्र के गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह देखने गई एक नाबालिग लड़की का चाकू की नोक पर अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। नाबालिग की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नाबालिग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कक्षा बारहवीं की छात्रा है। 15 अगस्त को वह पास के एक गांव के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुए स्वतंत्रता समारोह देखने के लिए गई। दोपहर को समारोह खत्म होने के बाद वह अपने गांव वापस लौट रही थी। एक मोटर साइकिल सवार युवक स्कूल के पास से ही उसके पीछे लगा हुआ था। जब वह नहर के रास्ते से घर जा रही थी तो एक सफेद रंग की कार पीछे से आई। उस कार में तीन युवक सवार थे। युवकों ने चाकू की नोक पर उसे कार में बैठा लिया। तीन युवकों ने उसको गांव टीक में छोड़ दिया। जो युवक मोटर साइकिल पर था। उसने कार वाले युवकों को पैसे दिए। गांव टीक में एक सौरभ नाम का लड़का था। जो उसे घसीटते हुए एक मकान में ले गया। इसी बीच गांव बरोट निवासी मोहन उर्फ मोनू वहां पर मोटर साइकिल लेकर आया। जिसने सौरभ को कमरे से बाहर निकाल दिया और उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में वह किसी तरह उनके चंगुल से निकल कर घर पहुंची। नाबालिग लड़की ने पुलिस ने गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
सदर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच डीएसपी हेड क्वार्टर तरुण कुमार को सौंप दी है।
सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच में की जा रही है।
तरुण कुमार, डीएसपी