गांव मटौर में एक पेट्रोल पंप से कार सवार दो हथियार बंद युवक हजारों रुपये की लूट कर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही डीएसपी तरुण कुमार, सीआईए इंस्पेक्टर नितिन कुमार, थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा गहनता से जांच की।
पेट्रोल पंप संचालक जोरा सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे उसके दो कर्मचारी विकास व तरसेम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डाल रहे थे। तभी दो युवक गाड़ी में आए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी तथा उनके पास से करीब 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूरी जानकारी हासिल की। मौके सेे मिले तथ्यों के आधार पर युवकों की तलाश आरंभ कर दी है।
वहीं डीएसपी तरुण कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात का पता चलते ही लुटेरों को पकड़ने के लिए रात में ही नाकेबंदी कर दी गई थी। पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों के बयान पर लूट व डकैती की विभिन्न धाराओं के तहत दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।