आंखों में मिर्च फेंककर लूट की वारदात करने का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने एक गोल-गप्पे व बर्गर की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति की आंखों में रात को लाल मिर्च डालकर नकदी लूट ली। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने तीन युवकों को काबू कर लिया है।
घटना 25 मार्च की रात करीब 11 बजे की है। सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में देवीगढ़ रोड सुभाष नगर निवासी दिनेश कुमार नेे बताया कि वह पेहोवा चौक पर नजदीक गोल-गप्पे व बर्गर की रेहड़ी लगाता है। रात को काम खत्म करने के बाद जब वह रेहड़ी को लेकर घर जा रहा था तो देवीगढ़ रोड पर स्थित एक मॉल के पास तीन युवक बाइक पर आए। जिनमें से एक युवक ने आते ही उसके आंखों में लाल मिर्च फेंक दी। जिसके कारण वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक उसे पकड़कर उसकी जेब से 200 और रेहड़ी पर रखे गल्ले से 250 रुपये निकाल लिए। युवकों ने उसको जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर कुछ देर बाद उसका भाई आया। जिसे देखकर तीनों युवक फरार हो गए। उसके भाई ने 100 नंबर पर आंखों में मिर्च फेंककर लूटने की सूचना दी। पीछा करने पर पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
गश्त पर थी पुलिस, काबू आए तीनों आरोपी
सिविल लाइन थाना एसएचओ रामचंद्र ने बताया कि गांव कांगथली में शराब के ठेकेदार से एक लाख रुपये की लूट की वारदात के वीटी के बाद पुलिस गश्त कर रही थी। तभी पुलिस कंट्रोल रूम से उनके पास वीटी आई। जिसमें देवीगढ़ रोड पर आंखों में मिर्च फेंककर लूट की वारदात के बारे में सूचना मिली। वीटी सुनते ही एसएचओ व एएसआई मनोज कुमार सहित पुलिस बल के साथ गश्त पर निकल गए। सेक्टर-18 के मोड़ पर तीन युवकों को देखा गया। पुलिस को देखकर युवक एक ओर जाने लगे तो उन्होंने उनको काबू करते हुए पूछताछ की। जिसमें उन्होंने रेहड़ी लगाने वाले के आंखों में मिर्च डालकर नकदी लूटने की वारदात को कुबूला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मायापुरी कॉलोनी निवासी रिंकू उर्फ काला, पंजाब के संगरूर निवासी विजय उर्फ विक्की, शुगर मिल कॉलोनी निवासी कपिल के रूप में हुई है। तीनों युवक सेक्टर-18 के मोड़ पर खड़े होकर लूट की नई योजना बना रहे थे। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों का एक दिन का रिमांड हासिल किया है।