सीआईए-वन पुलिस ने आंखों में लाल मिर्च झोंककर बैंक के पैसों से भरी कार लूटने के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी वर्ष 2013 में नई अनाज मंडी के नजदीक बैंक कर्मियों की आंखों में लाल मिर्च झोंककर 44 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे। इस मामले में पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी मलविंद्र को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर बरामदगी के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी पर पंजाब व हरियाणा के पुलिस थानों में लूटपाट, चोरी व डकैती के करीब 11 मामले दर्ज हैं। करनाल गांव के शेखपुरा निवासी मालिक सिंह को पुलिस इस मामले में पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि कालिया गांव निवासी मनजिंद्र सिंह व धर्मेंद्र सिंह अभी फरार चल रहे हैं।
यह था मामला
करनाल रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से शाम के समय दो महिला सहित तीन कर्मचारी व एक सुरक्षाकर्मी कार में सवार होकर नई अनाज मंडी स्थित मुख्य ब्रांच में 44 लाख रुपये कैश जमा करवाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही बैंक कर्मियों की गाड़ी मंडी के नजदीक पहुंची तो बदमाशों ने आगे डिजायर गाड़ी लगाते हुए रास्ता रोक लिया। चारों में से तीन आरोपियों ने गाड़ी से उतरकर बैंक कर्मचारियों पर हमला कर दिया और आंखों में मिर्च पाउडर झोंकते हुए 44 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस ने इस मामले में बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
तीन दिन तक करते रहे पातड़ा में पेट्रोल पंपों पर लूट
लूट की वारदात में शामिल पंजाब के बीरकला निवासी मलविंद्र कैथल में की गई इस लूट की वारदात के बाद हरियाणा से फरार होकर धर्मेंद्र, मनजिंद्र व दो अन्य साथियों के साथ पातड़ा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर लगातार तीन दिनों तक लूट की वारदात को अंजाम देते रहे। इस दौरान पंजाब पुलिस ने मलविंद्र सहित दो अन्य साथियों को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन धर्मेंद्र व मनजिंद्र भागने में सफल रहे। गिरफ्तार किए गए आरोपी मलविंद्र पर पटियाला, पातड़ा, रतिया, दनौला, टोहाना, कैथल के मानस गांव सहित करीब 11 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी एसएचओ
सीआईए-वन थाना इंचार्ज जसवंत सिंह ने बताया कि 44 लाख रुपये लूट की वारदात में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभी दो आरोपी इस मामले में फरार है। जिनकी तलाश जारी है।